मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को आज मिलेंगे नये मुख्यमंत्री, मोहन यादव मध्यप्रदेश में और विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ में लेंगे शपथ।

MP/CG : मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज नई सरकार का गठन होने वाला है। आज दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण करेंगे और अपना कार्यभार संभालेंगे। मध्य प्रदेश की कमान डॉ. मोहन यादव के हाथों में सौंपी जायेगी, जबकि छत्तीसगढ़ में सत्ता की कुर्सी पर विष्णु देव साय बैठेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई BJP शासित राज्यों के CM और दिग्गज नेता शामिल होंगे। और भी बड़े नेताओं को आमन्त्रण दिया गया है।

मध्यप्रदेश अब डॉ. मोहन यादव के हाथ होगा :

मध्य प्रदेश की कमान डॉ. मोहन यादव के हाथों में सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव 2023 में उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट से जीते मोहन यादव इस बार तीसरी दफा विधायक बने हैं। 2013 में पहली बार विधायक बने थे। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत की थी। केन्द्रीय पर्यवेक्षक समिति ने मध्यप्रदेश के लिये इन्हें मुख्यमंत्री तय किया है।

MP में CM शपथ ग्रहण समारोह :

मध्य प्रदेश में सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ डिप्टी CM जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी आज शपथ लेंगे। हालांकि, अन्य कोई भी मंत्री आज शपथ नहीं लेगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,  महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल, अजित पवार आदि दिग्गज नेता शामिल होंगे।

विष्णुदेव साय के हाथों में छत्तीसगढ़ की कमान :

छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज से आने वाले बड़े नेता विष्णु देव साय के हाथों में छत्तीसगढ़ की कमान सौंपी गई है। विधानसभा चुनाव 2023 में जशपुर जिले की कुनकुरी विधानसभा सीट पर विष्णु देव साय ने बड़ी जीत हासिल की है। कुनकुरी विधानसभा सीट ST के लिए रिजर्व है। विष्णुदेव साय स्व. दिलीप सिंह जूदेव के करीबी रहे है।

छत्तीसगढ़ में CM शपथ ग्रहण समारोह :

छत्तीसगढ़ में भी आज ही  मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। राज्य के नए CM विष्णु देव साय के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा भी शपथ लेंगे। इस दौरान कुछ मंत्री भी शपथ ले सकते हैं, इस कार्यक्रम में PM मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। विपक्षी नेताओं को बुलाया गया है।