विष्णुदेव साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री, अरुण साव और विजय शर्मा को बनाया गया उपमुख्यमंत्री।

रायपुर : छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। रायपुर से साइंस कालेज मैदान में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन ने उन्हें शपथ दिलाई। रायपुर के साइंस कालेज मैदान में बुधवार को कवर्धा से विधायक विजय शर्मा ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत दिग्गज नेता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

विजय शर्मा के साथ अरुण साव ने भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

साय ने मोदी जी का जताया आभार :

शपथ ग्रहण के लिए जाने से पहले विष्णुदेव साय ने अपनी मां जसमनी देवी का आशीर्वाद लिया। साथ ही राजधानी के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। शपथ ग्रहण के बाद सीएम साय ने मोदी जी का आभार जताया।

छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री हैं विष्णु देव साय :

विष्णुदेव साय प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री साय छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस बार के चुनाव में साय ने सरगुज संभाग की कुनकुरी विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। संभाग की सभी 14 विधानसभा सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। इस बार के चुनाव में बीजेपी ने जोरदार वापसी करते हुए राज्य की 90 विधानसभा सीटों में 54 पर कब्जा कर लिया है, जबकि सत्ता में रही कांग्रेस को मात्र 35 सीट पर सिमट कर रह गई।

मुख्यमंत्री साय ने पूजा-अर्चना कर संभाला कार्यभार :

नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यभार संभाला। प्रदेश में ये पहला अवसर है कि जब किसी मुख्यमंत्री ने कार्यभार ग्रहण करने के पहले विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की है। मुख्यमंत्री साय ने कार्यभार संभालने के बाद अपने कार्यालय कक्ष में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय भी लिया। शपथ ग्रहण समारोह खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय पहुंचे। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा मौजूद है। इस दौरान मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों-कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।