रायपुर : 13 दिसंबर (कल) राज्य के नये मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित डिप्टी सीएम ने शपथ ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्रियों सहित 10 मंत्रियों के भी शपथ लेने की तैयारी की गई थी, लेकिन अंत समय में मंत्रियों के शपथ का कार्यक्रम रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल की जो सूची बनाई गई थी, उसे दिल्ली से स्वीकृति नहीं मिली है। इसके बाद एक नई सूची तैयार की गई है। इस सूची के नामों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी सहमति है। फिलहाल ये नाम लिफाफे में बंद हो चुके हैं। चर्चा है कि 16 दिसंबर तक मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। नये मंत्रीमंडल को लेकर नेताओं और उनके समर्थकों के साथ जनता में भी उत्सुकता है।
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के लिए आयोजन स्थल साइंस कालेज में तीन अलग-अलग मंच बनाए गए थे। एक मंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा दो मंचों पर वीवीआइपी की व्यवस्था की गई थी। इन्हीं वीवीआइपी मंचों पर मंत्रियों को बिठाया जाना था। सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार ने प्रोटोकाल के तहत सभास्थल पर मंत्रियों के लिए गाड़ियां भी खड़ी करवा दी थी।
नये मंत्रियों का 16 दिसंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण :
इधर, शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद राज्यपाल बिस्वभूषण हरिचंदन दिल्ली रवाना हो चुके हैं। वे 16 दिसंबर को लौटेंगे। इसके बाद ही शपथ ग्रहण समारोह होगा। 16 दिसंबर की शाम चार बजे से खरमास लग रहा है। मान्यता है कि इस दिन से अगले 30 दिनों तक शुभ काम नहीं होते हैं। इसलिए भी इस चर्चा को महत्व मिल रहा है कि छत्तीसगढ़ के नए मंत्री 16 दिसंबर को शपथ ग्रहण कर सकते हैं।
मंत्रिमंडल में ये हो सकते हैं शामिल :
भाजपा के मंत्रिमंडल में पांचों संभागों का प्रतिनिधित्व देखा जाएगा, जिसमें रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर व दुर्ग शामिल हैं। संभावित मंत्रियों में बृजमोहन अग्रवाल, ओपी चौधरी, राजेश मूणत, अमर अग्रवाल, लता उसेंडी , डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, रामविचार नेताम और धरमलाल कौशिक को जगह मिल सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुल 26 विभागीय कार्यों का मंत्रीमंडल बनाया जायेगा। जिसमें प्रमुख दस नाम तय किये जायेंगे।
केबिनेट की पहली बैठक आज :
मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करते ही केबिनेट की पहली बैठक गुरुवार को हो सकती है। इस बैठक में धान के बोनस से लेकर मोदी की गारंटी व भाजपा के घोषणा-पत्र पर मुख्य सचिव व अन्य अधिकारियों से चर्चा होगी। बैठक में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री गण व मुख्य सचिव प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में पदभार ग्रहण किया :
शपथ ग्रहण समारोह के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मंत्रालय पहुंचकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। यहां मुख्यमंत्री के साथ ही उप मुख्यमंत्रियों ने भी पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्रियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त मुख्यमंत्री माँ से लिया आशीर्वाद :
छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सत्ता की बागडोर संभालने से बुधवार की सुबह पुरैना स्थित घर पहुंचकर अपनी मां जसमनी देवी साय से आशीर्वाद ग्रहण किया। मां जसमनी देवी साय ने अपने मुखिया बेटे को ना केवल आशीर्वाद दिया बल्कि भावुक होकर गले लगा लिया। जसमनी देवी ने कहा कि बहुत ही कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाला अब प्रदेश की कमान संभालेगा। उन्होंने साय को मिठाई खिलाई। स्वजन के लिए यह बड़ा ही भावुक और अविस्मरणीय क्षण रहा।