भारतीय एजेंसियों की पकड़ में रवि उप्पल, एक सप्ताह में लाया जायेगा भारत, दो साथी भी पकड़ाये।

रायपुर : महादेव सट्टा ऐप को लेकर राज्य में काफी समय से तहकीकात चल रही है, लगातार बड़े- बड़े नाम सामने आ रहे है। इधर महादेव सट्टा एप के संचालक रवि उप्पल की गिरफ्तारी के बाद अब कई और बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं। रवि उप्पल को पूछताछ के लिए ईडी रायपुर ला सकती है। जानकारी के अनुसार एक सप्ताह के भीतर उसे भारत लाया जायेगा। इसके बाद ईडी रायपुर में जेल में बंद आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है। राजनीति से जुड़े लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के नामों का राजफाश हो सकता है। आपको बता दें कि शुरुआती तहकीकात में भाजपा-कांग्रेस से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आये तो पुलिस अधिकारी भी इस गिरफ्त में फंसे थे।

रवि उप्पल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियां दुबई की सुरक्षा एजेंसियों के संपर्क में हैं। जल्दी ही उप्पल को भारत भेज दिया जायेगा। रवि उप्पल से भारतीय जांच एजेंसियां पूछताछ करेंगी, जिसमें नेता-अधिकारियों सहित कई सफेदपोशों के नामों का और खुलासा हो सकता है।

दाऊद का संरक्षण है प्राप्त :

महादेव सट्टेबाजी एप के दोनों प्रमोटर बेहद शातिर हैं। भारत में शिकंजा कसने के बाद उन्होंने माफिया डान दाऊद इब्राहिम के भाई के साथ मिलकर एक नया बेटिंग ऐप खेलो यार भी चला रहे हैं। माना जा रहा है कि दुबई में उन्हें दाऊद इब्राहिम का संरक्षण प्राप्त है। जबकि दाऊद इब्राहिम भारतीय आरोपियों की सूचि में है, जिसके प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार प्रयास कर चुकी है।

बॉलीवुड सितारे भी दायरे में :

इसके साथ ही सौरभ चंद्राकर की शादी में शामिल होने वाले बॉलीवुड के गायक-गायिकाओं सहित कई सितारे भी जांच एजेंसी ईडी के रडार पर हैं। मामले में ईडी ने पूछताछ के लिए कई लोगों को समन जारी किया है। जिसमें ऐप को प्रमोट करने के कारण भी कई सितारे ED की राडार पर बने हुये है

जेल बंद आरोपियों के सामने होगी पूछताछ :

जानकारी के अनुसार ईडी रवि को रायपुर लाने के बाद जेल में बंद आरोपियों के आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। ईडी ने मामले में इससे पहले एएसआइ चंद्रभूषण वर्मा, सतीष चंद्राकर, अनिल दमानी, सुनील दमानी, असीम दास और आरक्षक भीम सिंह यादव को जेल भेजा है। असीम की गिरफ्तारी आचार संहिता में हुई थी।