बिलासपुर : चोरों की चोरियां आम लोगों के घरों में तो लगातार होती ही है, लेकिन सरकारी संपत्ति भी चोरों से सुरक्षित नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएमडी चौक के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का केबल चोरी करने वाला युवक और खरीददार कबाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तारबाहर थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी ने बताया कि उसलापुर में रहने वाले एनुल हक स्मार्ट सिटी लिमिटेड में आइटीएमएस एक्सपर्ट हैं। उनकी कंपनी शहर में चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करती है।
उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को सीएमडी चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे का केबल किसी ने पार कर दिए, घटना का पता तब चला जब उन्होंने कैमरों को बंद पाया और मौके पर जाकर चेक किया। इसके बाद लगातार दो बार और चोरों ने इसी तरह की घटना को अंजाम दिया। चोरों की इस हरकत से सीएमडी चौक पर लगा कैमरा बंद हो गया। कंपनी के एक्सपर्ट की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास से चुचुहियापारा में रहने वाले बुजुर्ग श्याम लाल श्रीवास (60) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में श्याम लाल आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना बताया। उसने केबल को जलाकर कबाड़ी शमीम खान उर्फ बाबा खान (40) निवासी भारत चौक तालापारा और खपरगंज निवासी दिनेश साहू (52) के पास बेचना बताया है। पुलिस ने दोनों कबाड़ियों के ठिकाने से केबल का ताम्बा जब्त किया है। और उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।