रायपुर : राजधानी की पुलिस ने शनिवार को शहरभर में कबाडियों, शराब बेचने वालों के साथ ही सट्टा, जुआ, नशीला टेबलेट बेचने वालों की धरपकड़ शुरू कर दी। दिनभर चलाए गए इस अभियान में चोरी के कबाड़ के साथ 18 कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 64 लोगों को पुलिस ने अलग-अलग प्रकरणों में जेल भेजा है। कबाड़ियों के पास काफी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया गया है। खबर मिली थी कि वाहनों को चोरी करके कबाड़ में खपाया जाता है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक केआर ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले के नेतृत्व में शनिवार को थाना स्तर पर कबाड़ियों, शराब बेचने वालों के साथ ही जुआ, सट्टा खिलाने और आपराधिक तत्वों, संदिग्धों की धरपकड़ करने के लिए अभियान छेड़ा गया। इस दौरान आठ के खिलाफ आबकारी एक्ट, दो पर नारकोटिक एक्ट, चार पर जुआ एक्ट और 32 के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्यवाही की गई। नशे और चोरी के अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।
नए वर्ष के आगमन को ध्यान में रखकर पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित क्राइम प्रिवेंशन पेट्रोलिंग, 112 की टीमों को पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही भीड़-भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक व सुनसान स्थानों में जमावड़ा लगाकर नशा करने वालों पर सख्ती बरतने को कहा गया है, इनसे हत्या जैसी घटना होने की आशंका रहती है। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक के आसपास, होटल, लाज, ढाबों की भी जांच की जा रही है।
300 से ज्यादा नशीले टेबलेट के साथ आरोपी हुये गिरफ्तार :
नशीले टेबलेट के साथ शेख अजहर उर्फ विक्की को टिकरापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 320 प्रतिबंधित नशीला टेबलेट जब्त किया गया है। संतोषीनगर, संजयनगर क्षेत्र में नशीला टेबलेट बेचकर वह युवाओं को नशे का आदी बना रहा था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही कर विक्की को जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि सीएम विष्णुदेव साय ने सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी को नशे के सौदागरों और अपराधियों पर लगाम लगाने समेत अपने अपने जिलों में कड़ा कानून व्यवस्था बनाने का निर्देश है। इसी कड़ी में टिकरापारा पुलिस ने कार्यवाही की है। खबर है कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा।