मोबाईल लूटकर भाग रहे झपटमारों को बहादुर लड़कियों ने सिखाया सबक, पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले।

रायपुर : आये दिन बदमाश पैदल घूम रहे लोगों से मोबाईल छिनकर भाग निकलते है, लेकिन कभी-कभी वो खुद भी हत्थे चढ़ जाते है, ऐसे ही एक मामले में राजधानी की दो युवतियों की बहादुरी के चर्चे हो रहे हैं। शहर में मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार रात 8 बजे ऐसे ही एक वारदात में लुटेरे एक युवती से मोबाइल लूटने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन दो युवतियों के हौसले से तीनों लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में हैं। जिनमें एक नाबालिग है। पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर मोबाईल लूट की बात को स्वीकार किया। दो को जेल भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवतियों ने मोबाईल लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों को दबोच लिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों की मदद से तीनों को थाने ले जाया गया। पुलिस ने गुढ़ियारी निवासी आरोपी एक नाबालिग सहित सौरभ श्रीवास्तव एवं राजा साहू को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में प्रयुक्त वाहन और लूट का मोबाईल जब्त किया है।

गंज थाने में कर्मा चौक गुढ़ियारी निवासी देविका साहू ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। प्रार्थिया गोलबाजार स्थित पूजा ज्वेलरी फैंसी स्टोर्स में काम करती है। 25 दिसंबर को काम करने के बाद रात करीब आठ बजे वह अपनी सहेली अनिता ध्रुव के साथ पैदल घर जा रही थी। निवेदिता स्कूल गुरुनानक चौक के पास वह मोबाइल से अपनी दीदी से बात करने लगी।

बदमाशों को बाइक समेत नीचे गिरा दिया :

देवकी साहू ने साहस दिखाते हुए फौरन लड़के का कॉलर पकड़ लिया। देवकी की सहेली अनिता ध्रुव ने भी बदमाशों को पकड़ा, जिससे तीनों बदमाश गाड़ी सहित नीचे गिर गए। इसके बाद दोनों लड़कियों ने हल्ला मचाना शुरू किया। तत्काल आसपास के लोग जुट गए और लुटेरों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, लड़कों ने अपना नाम सौरभ श्रीवास्तव और राजा साहू बताया। तीसरा आरोपी नाबालिग है। सभी गुढ़ियारी के रहने वाले हैं। जिन्हें लोगों की मदद से लड़कियां पकड़कर थाने लेकर आई। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों से पूछताछ की गई।