रायपुर : राजधानी के टिकरापारा से सामूहिक आत्महत्या का एक रहस्यमय मामला सामने आया है, जिसमें कुछ कह पाना मुश्किल है। घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आत्महत्या का मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के मठपुरैना बीएसयूपी कालोनी में गुरुवार को पति, पत्नी और बेटी का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुक्रवार सुबह एफएसएल टीम जांच करेगी। प्रथम दृष्टया कुछ कह पाना मुश्किल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक लखन सेन (48), उसकी पत्नी रानू (42) और बेटी पायल (16) का शव फंदे पर लटका मिला था। लखन सेन स्टील कारोबारी अशोक जैन के यहां ड्राइवर था। पुलिस के अनुसार लाश दो से तीन दिन पुरानी है। कमरे से बदबू आने पर लोगों ने जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सामान्यतया कुछ भी सामने नहीं आ पाया।
तीनों के शव अलग अलग तीन रस्सियों से एक ही पंखे पर लटके मिले है। रहस्यमय तरीके से दरवाजा अंदर से बंद भी नहीं था। पड़ोसियों के मुताबिक लखन व परिवार का पड़ोसियों से मेल जोल नहीं था। मृतक की तीन बेटियां हैं। दो की 10 महीने पहले शादी कर दी गई थी। घटना आत्महत्या है या सामूहिक हत्या कह पाना अभी मुश्किल है।
स्थानीय डॉक्टर ने बताया था कैंसर, जादू टोना का शक :
परिचितों के अनुसार लखन की तबीयत लगातार खराब रहती थी, उसे स्थानीय डाक्टर ने कहा कि कैंसर है तो उसने मुंबई में जांच कराई पर कुछ नहीं निकला। इसके बाद से वह पड़ोसी पर जादू टोना करने का शक करता था। जिसको लेकर कुछ खास जानकारी नहीं मिल पाई है, अब पुलिस की जांच के बाद ही कुछ तथ्य सामने आने की गुंजाईश है।