मोहम्‍मद अकबर पर कवर्धा में घुसपैठियों को बसाने का आरोप, कहा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ा था, अकबर ने दिया ये जवाब….।

रायपुर : कवर्धा के भाजपा-भाजयुमो नेताओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पर जिले में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों को बसाने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, नेताओं का आरोप है कि मुस्लिम लोगों को चुन-चुनकर स्वैच्छिक सहायता राशि दी गई है। खबर के मुताबिक प्रेस क्लब में भाजपा ने आरोप लगाया जहाँ अब तक कवर्धा में दो साल पहले हुए झंडा कांड की गूंज थमी नहीं है। कवर्धा राष्ट्रवादी जनविचार संघ ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर पर आरोप लगाया कि उनके संरक्षण की वजह से झंडा कांड में शामिल वर्ग विशेष के आरोपियों पर कार्यवाही नहीं हुई। जिसके जवाब में कवर्धा की जनता ने चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाया है। कवर्धा झंडा कांड में जेल गए कवर्धा राष्ट्रवादी जनविचार संघ से जुड़े कैलाश चन्द्रवंशी ने शनिवार को राजधानी रायपुर में प्रेस कांफ्रेंस में उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा, कवर्धा में विशेष समुदाय के बाहर से आए व्यक्तियों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है। कवर्धा बुगरी रोड के अटल आवास में दर्जनों की संख्या में बाहर से आए लोगों ने कब्ज़ा किया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।

शुक्रवार को प्रेस क्लब भवन में कबीरधाम जिला उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य परदेशी पटेल, लोहारा के जनपद सदस्य रवि राजपूत, पूर्व सरपंच खिलेश्वर साहू (नवघटा) व भुवन छेदावी (बचेडी) और बचेड़ी के सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण कुम्भकार ने पत्रकार वार्ता की। आपको बता दें कि पूर्व मंत्री अकबर ने कवर्धा में बाहरी और वर्ग विशेष के एक भी व्यक्ति को बसाए जाने के आरोप साबित करने की चुनौती दी है। इस चुनौती को भाजपा तथ्य के साथ स्वीकार करती है।

नेताओं ने दावा किया कि ग्राम पंचायत बचेडी, विकासखंड सहसपुर-लोहारा की मतदाता सूची में अज्ञात बाहरी लोग मोहम्मद जहीर, रशीद चौहान, हाजीबुल्ला खान, तय्यब खान, अब्दुल सलाम के नाम को ग्राम पंचायत व बीएलओ के प्रस्ताव के विपरीत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में जोड़ा गया है। उपरोक्त सभी ग्राम पंचायत के निवासी नहीं हैं और न ही इन्हें गांव में कभी देखा गया है।

ग्राम पंचायत में प्रस्ताव पास कर उपरोक्त नामों की जांच की मांग की गई है। तत्कालीन मंत्री अकबर ने मार्च-2022 में 286 लोगों को स्वेच्छानुदान की राशि दी, जिसमें वर्ग विशेष के लोगों को प्राथमिकता दी गई। तीन अक्टूबर 2021 को कवर्धा में धर्म विशेष लोगों द्वारा भगवा ध्वज का अपमान किया गया। पैरों से रौंदा गया, विरोध करने वाले नौजवान दुर्गेश देवांगन को 40-50 की संख्या में मुस्लिम वर्ग के लोगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया।

घटना की शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्राम भिंभौरी में हनुमान जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकाली गई थी, जिस पर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा पथराव किया गया। इसके दोषियों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। तत्कालीन दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव ने दुर्ग में चोरी एवं अवैध कामों में लिप्त बांग्लादेशी निवासियों को फर्जी पासपोर्ट के साथ पकड़ा था। तब दुर्ग जिले के तत्कालीन प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर थे। जिसके कारण घुसपैठियों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई।

निरीक्षण दल के ऊपर भी किया गया था जानलेवा हमला :

भाजपा-भाजयुमो नेताओं व पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका वार्ड-1, ग्राम पंचायल पोडी, बोड़ला विकासखण्ड के ग्राम रघुपारा, नगर पंचायत सहसपुर-लोहारा में बाहर से आकर लोग निवासरत हैं। अटल आवास घुघरी मार्ग में नगरपालिका कवर्धा के तत्कालीन राजस्व निरीक्षक वानखेड़े ने वर्ष-2020 में निरीक्षण किया था। जांच में बाहर से आए दर्जनों की संख्या में वर्ग विशेष के द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। जिसको लेकर बवाल मचा था।

अवैध कब्जा छोड़ने की चेतावनी देने पर निरीक्षण दल के ऊपर भी उक्त लोगों द्वारा जानलेवा हमला किया गया था। घुघरी मार्ग कवर्धा अटल आवास का नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक टीम ने 29 नवंबर 2023 को निरीक्षण किया गया था। जांच में बाहर से आए दर्जनों वर्ग विशेष के लोगों का कब्जा है। इधर, भाजपा नेताओं के आरोपों पर मो. अकबर से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने बाद में जवाब दिया।

मंत्री ने रायपुर के लोगों को दिया स्वेच्छानुदान :

कैलाश चंद्रवंशी ने कहा, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने मार्च 2022 में 286 लोगों को स्वेच्छा अनुदान दिया, जिसमें रायपुर स्थित मौदहापारा के मुस्लिम समुदाय के लोग भी शामिल थे। उन्होंने अपने कृत्य के लिए पूर्व मंत्री मोहम्मद अक़बर को जनता से माफी मांगने कहा है।

अकबर बोले बाहरी लोग बसे हैं, तो उन्हें जेल क्यों नहीं भेजते? :

इधर, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा, आज सरकार भाजपा की है। यदि कहीं कानून का उल्लंघन हुआ है तो आरोप नहीं लगाए, बल्कि कार्यवाही करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कहा, जिन नामों को वह बाहरी बता रहे है उन सभी के आधार कार्ड का उल्लेख कर सरकार को बताना चाहिए कि इन लोगों को यहां गुड़ फैक्ट्रियों में काम करने के लिए लाने वाले कौन है। अन्य किसी काम के लिए भी इन्हें कब और कौन लाया। अगर कहीं कुछ गलत है तो इन लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाए। आरोप लगाने से बेहतर है कार्यवाही करें अब सत्ता खुद भाजपा की है।