वाराणसी (उ.प्र.) : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के परिसर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की एक छात्रा से लगभग दो माह पहले रात में छेड़छाड़ की गई थी और उसके कपड़े उतरवाए गए थे। घटना परिसर में कर्मन बाबा मंदिर से करीब 300 मीटर की दूरी पर कृषि फार्म के पास यह घटना घटी थी। इस मामले को लेकर परिसर में छात्रों ने धरना शुरू कर दिया था। भारी संख्या में छात्र विरोध-प्रदर्शन करने सड़क पर उतर गए थे। अब आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ छेड़खानी और दरिंदगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान बृज एनक्लेव कॉलोनी सुंदरपुर का कुणाल पांडेय, जिवधीपुर बजरडीहा का आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बीएचयू में हुई इस घटना के बाद कई दिनों तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काफी विरोध हुआ था।
आरोपी की पहचान पहले ही हो गई थी :
जानकारी के अनुसार, आईआईटी बीएचयू की छात्रा से गैंगरेप के तीनों आरोपी कौन हैं? इसके बारे में पुलिस और शिक्षण संस्थान को सात दिन में ही पता चल गया था। आरोपियों की प्रोफाइल मजबूत होने से इन पर हाथ डालने से बचा जाता रहा। संभवत: पुलिस को ऊपर से स्पष्ट आदेश मिलने के बाद आज तीनों आरोपी गिरफ्तार किये गये। आरोपी कुणाल पांडेय भाजपा से जुड़ा है और आईटी विभाग का महानगर संयोजक है और सक्षम पटेल भी महानगर आईटी संयोजक है। अभी आरोपी गिरफ्त में है।
सबसे पहले छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। छात्रा से छेड़छाड़ के बाद माहौल गरमा गया था, BHU में छात्र आन्दोलन में बैठ गये थे। इस छेड़छाड़ के विरोध में हजारों छात्र विरोध में आ गए थे। मामले में पीड़ित छात्रा ने मजिस्ट्रेट के सामने 161 के तहत बयान दर्ज कराया। बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने न सिर्फ उसके साथ छेड़खानी की, बल्कि गन प्वॉइंट पर उसके कपड़े उतारने के साथ ही बलात्कार करने की भी कोशिश की। बता दें 1 नवंबर की रात बीएचयू आईआईटी की एक छात्रा को मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश मुंह दबा कर कोने में ले गए थे और उसके कपड़े उतारकर उसका वीडियो और फोटो भी लिया था। आरोप है कि बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक लड़की को बंधक बनाए रखा। उसके बाद वे उसका मोबाईल नंबर लेकर भाग गए। आरोपी रसूखदार होने के कारण उन पर पुलिस कार्यवाही से बचती रही, राज्य में भाजपा की सत्ता है और आरोपी भाजपा से जुड़े बताये गये।