रायपुर : लूटपाट की घटनाओं से राजधानी वासी लगातार सहमे हुये है, आये दिन खासकर मोबाईल की लूट लगातार हो रही है, बदमाशों के हौसले बुलंद है, ऐसी ही एक घटना पिछले महीने राजधानी रायपुर के डीडीनगर क्षेत्र में हुई थी, जहाँ पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर अस्पताल जा रही महिला का जेवरों से भरा हैंड बैग और मोबाईल लूटने वाले दोनों युवक सगे भाई निकले। पुलिस ने तफ्तीश के बाद एक आरोपी मनीष रोचलानी को गिरफ्तार कर लूटे गए पांच लाख के जेवर और मोबाईल के साथ घटना में इस्तेमाल दोपहिया वाहन बरामद कर लिया है। दूसरे फरार आरोपी उत्तम रोचलानी की तलाश की जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि आर्थिक तंगी दूर करने के लिए भाई के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। अब इस घटना में पुलिस ने मनीष को पकड़ लिया है, उत्तम अब भी फरार है।
एडिशनल एसपी क्राइम पीतांबर पटेल ने बताया कि सालासार ग्रीन सरोना निवासी जोगिंदर सिंह खटकर आठ दिसंबर की शाम को अपनी पत्नी को एक्टिवा में पीछे बैठाकर घर से गोल चौक स्थित अस्पताल जा रहे थे। पत्नी के हाथ में जेवरों से भरा हैंड बैग था, जिसमें सोने के जेवर, मोबाईल आदि रखा हुआ था।
सीसीटीवी खंगालने पर सामने आया लुटेरों का फुटेज :
रिंग रोड पर स्थित डिडवानिया रिजेंसी के पास हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से दोपहिया सवार दो युवक आए और बिना मौका गंवाए जोगिंदर की पत्नी के हाथ में छपट्टा मारकर हैंड बैग छीनकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी खंगालने पर लुटेरों का फुटेज सामने आया।
फुटेज के आधार पर कुकरेजा फार्म हाउस के सामने महावीर नगर, न्यू राजेंद्रनगर निवासी मनीष रोचलानी (24) को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने सगे भाई उत्तम रोचलानी के साथ मिलकर लूट करना कबूला। मनीष को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया जेवर, मोबाइल और दोपहिया वाहन बरामद कर लिया गया। फरार उत्तम रोचलानी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। ऐसी ही घटनायें राजधानी में लगातार सामने आ रही है।