पखांजुर में भाजपा नेता की हत्या के बाद तनाव, परलकोट क्षेत्र में बंद, जाँच करेगी SIT, कांग्रेस पार्षद विकास पाल पर लगा हत्या का आरोप।

कांकेर : छत्‍तीसगढ़ के कांकेर जिले में भाजपा उपाध्यक्ष असीम राय की रविवार रात गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर है जिसके बाद सोमवार की सुबह से क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बनने हुये है। असीम राय के समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। जगह-जगह रास्ता जाम कर हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

इधर, परलकोट क्षेत्र में बंद का व्यापक असर हुआ है। पखांजुर पुराने बाजार चौक, कापसी बाजार चौक मुख्य सड़क पर प्रदर्शन जारी है। इलाके में दुकान-बाजार बंद हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। असीम के समर्थकों ने कांग्रेस पार्षद विकास पाल पर हत्या का आरोप लगाते हुआ उनकी लॉज में तोड़फोड़ भी की।

जांच के लिए गठित हुई एसआइटी :

भाजपा नेता असीम राय हत्याकांड की जांच के लिए एसआइटी गठित की गई है, इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में बवाल मचा हुआ है, वहीँ मामला राजनैतिक बनता जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इस घटना के कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। वहीं इस मामले में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा ने निष्ठावान कार्यकर्ता खोया है। दोषियों को नहीं छोड़ा जायेगा। जो भी दोषी होगा उप पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। राज्य में भाजपा की सत्ता होने के कारण कार्यकर्त्ता भी पार्टी के नेताओं पर कार्यवाही के लिये लगातार दबाव बना रहे है।

कांकेर में भाजपा उपाध्‍यक्ष की हत्‍या :

जानकारी के अनुसार कांकेर के पखांजूर में रविवार रात आठ बजे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुराना बाजार क्षेत्र में हुई वारदात के बाद असीम के समर्थकों ने हंगामा मचाया। कांग्रेस पार्षद विकास पाल पर हत्या का आरोप लगाते हुआ उनकी लॉज में भयानक रूप से तोड़फोड़ भी की।

हत्या के विरोध में सोमवार काे भाजपा ने नगर बंद का आह्वान किया है। पुलिस के अनुसार एसडीओपी कार्यालय के पास स्वयं के काम्प्लेक्स से घर जाते समय असीम को गोली मारी गई। डाक्टर पीयूष टोप्पो ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी। उन पर आठ वर्ष पहले भी आपसी रंजिश को लेकर हमला किया था, तब हमलावरों की चलाई गई गोली उनके हाथ को छूकर निकल गई थी। उस समय भी घटना को लेकर बवाल मचा था और अब हमलावरों ने इस बार उनकी हत्या को अंजाम दे दिया।

भाजपा का आरोप, सुपारी देकर कराई गई हत्या :

जानकारी मिली कि कांग्रेस के कब्जे वाली पखांजूर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। 15 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी। कांग्रेस के बप्पा गांगुली अध्यक्ष हैं, जिनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया गया है। इस मुद्दे में यही राजनैतिक रंग अभी सामने आया है। वहीँ घटना को लेकर प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य नरोत्तम सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्षद विकास पाल और नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि असीम की अगुवाई में ही अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। पार्षद विकास की अवैध लाज पर कार्यवाही होनी थी। इसीलिए उन्होंने सुपारी देकर हत्या कराई है। मंत्री केदार कश्यप ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

कांकेर में भाजपा नेता की हत्या मामले में डिप्टी CM विजय शर्मा ने कांग्रेसियों-नक्सलियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि वो समझौतापूर्ण रहे हैं। भाजपा की सरकार आने से नक्सली बौखलाए हुए हैं। इसमें कहीं ना कहीं कांग्रेस का ही हाथ है। हालाँकि कार्यवाही को लेकर पार्टी कार्यकर्त्ताओं को आश्वस्त किया है।