नागपुर का मेडिकल स्टोर संचालक राजधानी रायपुर में गिरफ्तार, बस और कोरियर से करता था ये काम….।

रायपुर : राजधानी रायपुर और छत्तीसगढ़ भारत के मध्य में आते है, यहाँ के यातायात साधन देश में सभी जगह से जुड़े हुये है, किसी को भी अन्य राज्य में जाना है तो उसे राजधानी रायपुर की जरूरत पड़ती है, लेकिन यहाँ खुद राजधानी रायपुर में कई बदमाश, आरोपी और नशे के सौदागर पकड़ में आ रहे है। वहीँ राजधानी पुलिस ने नशे के विरूद्ध बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की सप्लाई करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक कमलेश उपाध्याय को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 23 पेटी कुल 2760 नग कफ सिरप जब्त की गई है। आरोपी कमलेश निवासी श्याम भवन के बाजू ईतवारी मोहल्ला जिला नागपुर (महाराष्ट्र) का रहने वाला है। वहीं उसका मेडिकल स्टोर है। आरोपी रायपुर के तस्करों की मांग पर बस और कोरियर के जरिए इस नशीली कफ की लगातार सप्लाई करता था, जिसे अब राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि नशे की चेन तोड़ने के लिए यह कार्यवाही की गई है। कुछ दिन पहले गंज और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आरोपियों को पकड़ा गया था। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से प्रतिबंधित नशीली सिरप की सप्लाई चैन के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा सिरप को नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी कमलेश उपाध्याय नामक व्यक्ति से क्रय करना और उसके द्वारा सिरप को नागपुर से रायपुर भेजना बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी कमलेश उपाध्याय की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। राजधानी में सभी प्रकार के नशे के सामान लगातार सप्लाई हो रहे है, जिससे गली – गली में नशेबाजी हो गई है और नशे में बदमाश भयानक घटनाओं को अंजाम दे रहे है।

चार सदस्यीय टीम नागपुर के लिए हुई थी रवाना :

टीम के सदस्यों द्वारा तकनीकी विश्लेषण व अन्य माध्यमों से आरोपी की पतासाजी करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और देवेंद्र नगर पुलिस की चार सदस्यीय टीम को नागपुर (महाराष्ट्र) रवाना किया गया था। टीम के सदस्यों द्वारा नागपुर (महाराष्ट्र) पहुंचकर आरोपी की पतासाजी करते हुए छापा मार कर आरोपी को पकड़कर पूछताछ करने पर उसके द्वारा सिरप को मांग के आधार पर रायपुर सहित अन्य कई राज्यों में सप्लाई करना बताया गया। आरोपी कमलेश उपाध्याय के मकान की तलाशी लेने पर उसके मकान में अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली सिरप का भंडारण करना पाया गया। उसके घर पर काफी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप मिली है।

रीवा से भी दवा विक्रेता गिरफ्तार :

प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक है। पुलिस ने रामावतार गुप्ता मेडिकल दुकान संचालक निवासी महसांव जिला रीवा रीवा (मप्र) को गिरफ्तार किया गया है। दो दिन पहले रामनगर चौकी की टीम ने क्षेत्रांतर्गत सामुदायिक भवन के पास अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बिक्री करते आरोपी सलमान को भी गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह रीवा से टेबलेट मंगवाया था। जिसके बाद क्राइम की टीम वहां रवाना हुई। वहां पर भी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की गई।

मेडिकल स्टोर संचालक रामावतार गुप्ता के दुकान में जाकर पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बिना किसी दस्तावेज के अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लोगों को मांग के आधार पर बिक्री करना बताया गया। जिस पर उसे गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार सोमवार को थाना डीडी नगर क्षेत्र में आरोपित रोहित महानंद के कब्जे से 250 टेबलेट और थाना सरस्वती नगर क्षेत्र में आरोपित जसबीर सिंह के कब्जे से 304 नग टेबलेट जब्त की गई।