दर्दनाक हादसा : बड़ी ही प्रार्थनाओं से बेटे जन्म का हुआ था, उसी बेटे की इच्‍छा पूरी करने पिता ले जा रहे थे बाजार, और फिर चाइना की डोर ने ले ली जान।

धार (म.प्र.) : शहरवासी कभी भी 14 जनवरी 2024 मकर संक्रांति का दिन नहीं भूल पाएंगे। इस दिन चाइना की पतंग उड़ाने डोर ने एक बच्चे की जान ले ली। छह साल के मासूम के गले में चाइना डोर फंसने की वजह से उसकी मौत हो गई। जब शहर में कनिष्क चौहान की मौत की खबर लगी तो हर किसी की रूह कांप उठी। सोमवार को जब कनिष्क की अंतिम यात्रा निकाली गई तो हर किसी की आंखें नम हुई। वहीं मां का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। जिस मां का कनिष्क सहारा बनने वाला था। चाइना डोर की वजह से वह मां को इस दुनिया से छोड़कर हमेशा के लिए अलविदा कह गया। मासूम की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिजन इस घटना से सदमें में है वहीँ मोहल्लेवासी भी काफी दुखी है।

पानी पुरी खाने की इच्छा प्रकट की थी :

दरअसल सोमवार शाम को बेटे कनिष्क ने अपने पिता विनोद से पानी पुरी खाने की इच्छा प्रकट की। पिता ने अपने बेटे की इच्छा को पूरा करने के लिए उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाजार ले जाने लगे। घर से महज चंद मीटर की दूरी पर आने के बाद काल के रूप में चाइना की डोर सामने आ गई। बेटे कनिष्क की गर्दन में फंस गई। खून में लहू लुहान हुए बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे परंतु जब तक बहुत देर हो चुकी थी। निजी अस्पताल से बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने परिवार को झकझोर कर के रख दिया।

भगवान से की थी काफी प्रार्थनायें :

पिता विनोद चौहान ने बताया कि कनिष्क के जन्म के पूर्व परिवार द्वारा काफी प्रार्थनायें की थी। इन्हीं प्रार्थनाओं की वजह से कनिष्क हमारे बीच आया था। परंतु चाइना डोर की वजह से वह हमें बीच रास्ते में छोड़कर चला गया। एक बेटे के जाने से पिता पूरी तरह से टूट चुका है, तो वहीं मां को अब तक बेटे के जाने का विश्वास नहीं हो रहा। परिजनों के साथ मोहल्लेवासी भी काफी गमगीन है।

अब किसी और कनिष्क के साथ ना हो घटना :

इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को दंग कर दिया है। रविवार देर शाम को जब कनिष्क की मौत की खबर फैली तो हर कोई सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनायें व्यक्त कर रहा था। वहीं लोगों में चाइना डोर के खिलाफ एक आक्रोश देखने को मिला है। हर कोई सोशल मीडिया पर चाइना डोर खरीदी को बंद करने की बात कह रहा था। इस मुद्दे पर लोगों का कहना है कि आज एक कनिष्क चाइना डोर की वजह से धार शहरवासियों को अलविदा कह गया है। अब कभी कोई दूसरा कनिष्क इस चाइना डोर की वजह से इस दुनिया से न जाए। इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा। सभी को अब इस चाइना डोर से दूरी बनाना होगी।

गंभीर हादसों का कारण है चाईनीज मांझा :

आपको बता दें कि इस चाईना मंजे की वजह से लोग कई बार गंभीर हादसों का शिकार हुये है, कटी हुई पतंग उड़ती हुई आती है और किसी भी राहगीर के गले में फंस जाती है और गंभीर छेदन करके गले में घाव बना देती है। कई बार इस पर लोगों ने प्रतिबन्ध लगाने की मांग की है, यह काफी जानलेवा होती है, वहीँ यह झटके से नहीं टूटती बल्कि प्लास्टिक होने की वजह से लम्बी होती जाती है, जबकि दूसरी ओर धागे की डोर टूट जाती है, जो कि गंभीर हादसे की जिम्मेदार नहीं बन पाती।