रायपुर : सत्ता परिवर्तन का असर हर चीज पर पड़ता है, वहीँ पुराने राशन कार्डों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश के फोटो लगे हुये है, उससे पहले तत्कालीन रमन सरकार में रमन के फोटो वाले राशन कार्ड बनकर तैयार थे जो बाद में कचरे में चले गये, आम जनता के लाखों का नुकसान हुआ था। खैर इन चीजों से आम जनता को कोई लेना देना नहीं होता है। अब प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत प्रचलित राशन कार्डों का नवीनीकरण किया जायेगा। इसके लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिया गया है। वर्तमान में प्रचलित 76.94 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए राज्य स्तरीय अभियान 25 जनवरी से शुरू होगा, जो 29 फरवरी तक चलेगा। एक से 29 फरवरी तक हितग्राहियों को नया राशनकार्ड मिलेगा।
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग ने इसके लिए नया मोबाईल एप भी तैयार किया है। राशनकार्डधारी मोबाईल में एप डाउनलोड कर सकते हैं। नवीनीकरण के लिए राशन कार्ड के प्रथम पृष्ठ में उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन किया जा सकता है। खाद्य विभाग की वेबसाईट http://khadya.cg.nic.in से हितग्राही डाउनलोड कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एंड्राइड मोबाईल नहीं है या मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है, वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन और ऑफलाइन आवेदन जमा होंगे। किसी प्रकार की दिक्कत में वार्ड पार्षद से भी संपर्क किया जा सकता है।
कार्ड नवीनीकरण के लिये देनी होगी इतनी राशि :
अब तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राही भी आवेदन कर सकते हैं। अन्त्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित तथा निशक्तजन श्रेणी के हितग्राहियों का निश्शुल्क नवीनीकरण होगा, जबकि सामान्य श्रेणी के लिए एप के माध्यम से नवीनीकरण के लिए 10 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। यह ऑनलाईन अथवा ऑफ़लाईन भी भुगतान की जा सकती है। 25 जनवरी से राशनकार्ड नवीनीकरण का काम शुरू होगा। खाद्य विभाग द्वारा तैयार किए गए मोबाइल एप में हितग्राहियों के पास वर्तमान में उपलब्ध क्यूआर कोड को स्केन करने की सुविधा है, जिसके जरिए राशनकार्ड के आवेदन संबंधी समस्त जानकारी स्वतः खाद्य विभाग के डेटाबेस से एप के जरिए उपलब्ध हो जाएगी।