रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के बाद भी प्रदेशवासियों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मानसून अभी पूरी तरह सक्रिय न होने के कारण अभी भी गर्मी व उमस बनी हुई है। वहीं गर्मी के बीच मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहतभरी की खबर है। अगले 48 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में बारिश की गतिविधि पर अड़ंगा लगाने वाला मराठवाड़ा का चक्रवाती घेरा समाप्त होने से मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। पश्चिम में स्थित अरब सागर से आने वाली नमी के प्रभाव से एक-दो दिन में बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी लगातार फेल हो रही है, जो मानसून दो दिन पहले ही राजधानी पहुंचना था, वह अब तक सुकमा और बस्तर के आसपास रुका हुआ है।
अब मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में मध्य व उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में आने वाले पांच दिनों तक अंधड़ व बारिश के आसार है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। हल्की बूंदाबांदी की सम्भावना जताई गई है, वहीँ शाम को ठंडी तेज हवायें चलने की भी सम्भावना है।
मंगलवार को भी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से गर्मी व उमस रही। हालांकि देर शाम रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में राहत की बारिश भी हुई और ठंडी हवाएं भी चली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी दक्षिण पश्चिम मानसून अगले एक से दो दिनों में पूरे बस्तर क्षेत्र में सक्रिय होगा तथा वहां सक्रिय होने के बाद जल्द से जल्द प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी फैलेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों में बस्तर क्षेत्र में मानसून सक्रिय हो जाएगा। यानि 13 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधि बढ़ने लगेगी, इसके बाद दक्षिण पश्चिम मानसून का रायपुर प्रवेश भी समय से पहले होने की संभावना बनी हुई है। जो की अभी तक सम्भावना नहीं दिख रही है।
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisFilmProduction/



