पालघर (महाराष्ट्र) : कुछ घटनाएं हैरान कर देने वाली होती हैं। ऐसी बातों को कह पाना भी मुश्किल हो जाता है। खासकर जब ये घटनाएं सबके सामने खुलेआम घटती हैं तो दिमाग गवाही देना बंद कर देता है। ऐसे ही मंगलवार सुबह महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में हुई एक घटना ने हिलाकर रख दिया। ये घटना आपको किसी बुरे सपने या किसी हॉरर फिल्म जैसी लग सकती है, लेकिन हकीकत में ये घटना घटी है, जिसमें एक सनकी आशिक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड की सरेआम सबके सामने बेरहमी से हत्या कर दी है।
घटना को अंजाम देने के बाद फिलहाल वसई में सरेआम एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या करने वाला आशिक रोहित यादव इस समय पुलिस की हिरासत में है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है। इसी बीच एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी रोहित बीच रास्ते उस पर रिंच से लगातार वार करता दिख रहा है। इस दौरान कुछ लोग उसे ऐसा करने से रोकते भी हैं, लेकिन वह उन्हें भी धक्का दे देता है और सड़क पर लहूलुहान गिरी एक्स गर्लफ्रेंड पर फिर उसी रिंच से वार करने लगता है। पूरी घटना को लोग देखते रहे, लेकिन किसी ने भी हिम्मत नहीं की।
तमाशबीन खड़े रहे लोग, लड़की को बचाने तक नहीं आए :
आरोपी युवक रोहित यादव की एक्स गर्लफ्रेंड का नाम आरती था। जब आरोपी युवक आरती को रिंच से बुरी तरह मार रहा था, तब लगातार यही पूछ रहा था कि, “तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया”। कई बार पूछने के बाद आरती के सिर और मुंह पर फिर से जोर से वार करता है। ये सारी चीजें जब वहां हो रही थीं, तब कई लोग वहां मौजूद थे। इनमें से सिर्फ एक-दो लोगों ने ही आरोपी युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उन्हीं लोगों को धक्का दे दिया। बाकि वहां मौजूद अन्य लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे। यदि ये सब इकट्ठे होकर हिम्मत करते करते तो आरती की जान बच जाती।
सीनियर इंस्पेक्टर जयराज नरवरे ने दी जानकारी :
भगवान राम को अपना अपना राम – राम भेजें, हनुमान चालीसा अनुवाद सहित सुने , लिंक पर क्लिक करें : https://www.youtube.com/watch?v=rJDZQ4R9fYs
वालिव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर जयराज नरवरे ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आरती काम पर जा रही थी, तभी आरोपी युवक पीछे से आया और नट बोल्ट कसने वाले रिंच-पाने से वार कर उसकी हत्या कर दी। दोनों काफी समय से आपस में रिलेशनशिप में थे। कुछ दिन पहले ही आरती ने आरोपी युवक से ब्रेकअप कर लिया था। आरोपी को शक था कि आरती का किसी और से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी वजह से गुस्से में उसने उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने सरेआम इस घटना को अंजाम दिया है। सीनियर इंस्पेक्टर जयराज नरवरे ने बताया कि आरोपी युवक रोहित यादव को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं आरती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही उसके घरवालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।



