रायपुर : छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में प्री मानसून सक्रिय हो गया है, और साथ ही राजधानी में मानसून ने दस्तक दे दी है। तेज आंधी और वज्रपात को लेकर 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो-चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ाने की संभावना है। बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। दोपहर के बाद तेज धूप निकलने से उमस से लोग बेचैन रहे। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते पांच दिनों से मानसून प्रदेश के तटीय हिस्से में अटका हुआ है। 21 जून तक ही प्रदेश के मध्य क्षेत्र में मानसून का प्रवेश हो सकता है। दिनभर बहुत गर्मी के बाद शाम को हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक गरज चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। वहीं 24 घंटे में प्रदेश की अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में प्री मानसून का आगमन हो चुका है, अचानक कहीं-कहीं पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं दो-चार दिनों में कुछ और हिस्सों में भी प्री मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में ज्यादातर जिलों में तीन-चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। अभी बारिश का धुआंधार मौसम बन रहा है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट :
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisFilmProduction/
गुरुवार को राज्य के पांचों संभाग में बारिश की संभावना है। इन संभागों में से कई जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश और कई जिलों में तेज अंधड़ चलने की संभावना है। इनमें से राजनांदगांव, बिलासपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, मुंगेली, जांजगीरचांपा, कोरबा, दुर्ग, धमतरी, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में बारिश के आसार हैं। वहीं सरगुजा और बस्तर संभाग के कोरिया, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन जिलों के कई जगहों पर गरज चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधान रहने की जानकारी दी गई है, अचानक से मौसम में बदलाव की उम्मीद है।



