मुंबई (महाराष्ट्र) : नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दो भागों में बनाई जा रही इस पौराणिक सागा को मेकर्स बड़े पैमाने पर दुनिया भर में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए फिल्म के इंग्लिश वर्जन को मूल हिंदी वर्जन के मुकाबले लगभग 30 मिनट छोटा रखा जाएगा।
इंग्लिश वर्जन में नहीं होंगे गाने, सीन्स भी होंगे ट्रिम :
खबरों के अनुसार, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ‘रामायण पार्ट 1’ का इंग्लिश वर्जन ग्लोबल ऑडियंस की प्राथमिकताओं के अनुसार एडिट किया जाएगा। इसमें कोई गाने शामिल नहीं होंगे और पेसिंग को तेज रखने के लिए कई सीन्स को भी छोटा किया जाएगा।
रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि भारतीय दर्शक तीन घंटे या उससे अधिक लंबी फिल्मों और गानों के आदी हैं, जबकि पश्चिमी और ग्लोबल मार्केट्स में दर्शक क्रिस्प नैरेटिव पसंद करते हैं। हालांकि, भारतीय भाषाओं के वर्जन में ऑस्कर विजेता कंपोजर हंस जिमर और ए.आर. रहमान का संगीत व बैकग्राउंड स्कोर कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कितना हो सकता है फिल्म का रनटाइम?
मेकर्स ने अभी फिल्म के फाइनल रनटाइम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, अमेरिका में प्रमोशन के दौरान रणबीर कपूर (जो फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं) ने बताया था कि दो भागों वाली इस सागा में करीब 6 घंटे के विजुअल्स और एक्शन शामिल होंगे। इसमें परिवार, कर्तव्य, प्रेम और बुराई पर अच्छाई की जीत को विस्तार से दिखाया जाएगा। इसी आधार पर माना जा रहा है कि ‘पार्ट 1’ का हिंदी रनटाइम लगभग 3 घंटे का हो सकता है, जबकि इंग्लिश वर्जन करीब 2.5 घंटे का रहेगा।
भारत और इंटरनेशनल मार्केट की रिलीज टाईमलाईन :
- इंटरनेशनल रिलीज: ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर बढ़त हासिल करने के लिए फिल्म को विदेश में एक दिन पहले यानी 5 नवंबर को रिलीज किया जाएगा, जबकि इसके प्रीव्यू शो 4 नवंबर से ही शुरू हो जाएंगे। ओवरसीज मार्केट में इसका सीधा मुकाबला जापानी फिल्म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ और हॉलीवुड एनिमेटेड फिल्म ‘द कैट इन द हैट’ से होगा।
- भारत में रिलीज: भारतीय सिनेमाघरों में ‘रामायण पार्ट 1’ दिवाली के मौके पर 8 नवंबर को रिलीज होगी।
- पार्ट 2 की तैयारी: फिल्म का दूसरा भाग अगले साल दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने की योजना है।



