प्रधानमंत्री मोदी के पुतला दहन के दौरान पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी, आरक्षक झुलसा, कांग्रेसियों पर केस दर्ज, देखें विडियो।

दुर्ग/भिलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भिलाई के व्यस्त सुपेला चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे पुतला दहन के दौरान भारी हंगामा हो गया। पुतला दहन रोकने पहुंची पुलिस और कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच तीखी झूमाझटकी हुई, जिसमें सुपेला थाने में पदस्थ एक आरक्षक आग की लपटों की चपेट में आकर झुलस गया। घायल आरक्षक को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुतला छीनने के प्रयास में हुआ हादसा :

जानकारी के अनुसार, घटना कल देर रात सुपेला चौक पर घटी। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे। मौके पर तैनात पुलिस टीम ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकने और पुतला छीनने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद झूमाझटकी में तब्दील हो गया। इसी अफरातफरी के दौरान आग पकड़ चुके पुतले के संपर्क में आने से सुपेला थाने का एक आरक्षक झुलस गया।

अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी :

घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों ने घायल जवान को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। आरक्षक को आई चोटों की गंभीरता की विस्तृत जानकारी जांच व मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस मामले में घायल आरक्षक की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने व संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और वीडियो फुटेज के जरिए साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।