15 गौवंशों की मौत, लापरवाह ड्राइवर रौंदता हुआ निकल गया, गुस्साई भीड़ ने किया चक्‍काजाम।

रायपुर : राजधानी से सटे तिल्दा इलाके में लापरवाह वाहन चालक की करतूत सामने आई है। यहां चालक ने लापरवाही तरीके से वाहन चलाते हुए गोवंशों के झुंड को रौंद दिया। इस सड़क हादसे में 15 गोवंशों की मौत हो गई। घटना तिल्दा ब्लॉक के किरना गांव की है। घटना के बाद इलाके के लोग आक्रोशित हो गए और बीच सड़क पर चक्‍काजाम कर प्रदर्शन किया। इस घटना की जानकारी मिलते ही तुंरत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यह पूरा मामला रायपुर के तिल्दा थाना क्षेत्र का है। 

धरसींवा-तिल्दा मार्ग पर किरणा गांव के सामने अज्ञात वाहन ने डेढ़ दर्जन गौवंश को रौंद दिया। दुर्घटना की वजह से करीब आधा किलोमीटर तक पूरी सड़क गौवंश के खून से लाल हो गई है। गौवंश को रौंदने की इतनी बड़ी घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश को देखते हुए तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंच गई है। धरसींवा-तिल्दा मार्ग पर औद्योगिकी इकाइयो के बनने के बाद से ही यह मार्ग काफी व्यस्त रहने लगा है। औद्योगिक इकाइयों के बेलगाम रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों से हमेशा ही दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।