कौशांबी (उ.प्र.) : उत्तरप्रदेश एक ऐसा राज्य है जहाँ से आये दिन कोई ना कोई हैरान करने वाली खबर सामने आ ही जाती है, ऐसी ही एक खबर फिर से सामने आई है। कौशांबी जिले में उस वक्त खुशी के माहौल में खलल पड़ गया, जब शादी की रस्मों के बीच पुलिस आ गई और लोग हैरान हो गये। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शादी रुकवा दी, जिससे घराती और बाराती सकते में आ गये। दरअसल, दूल्हा शादीशुदा होते हुए भी अपनी दूसरी शादी रचा रहा था। वह बकायदा बारात लेकर सरायअकिल थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव पहुंचा था। कन्या पक्ष ने बारात का स्वागत किया। शादी होते-होते सुबह हो गई थी। जब शादी कि रस्म में सात फेरे हो रहे थे उसी समय एक महिला पहुंचकर हंगामा करने लगी। उसने दावा किया कि जिस आदमी की शादी हो रही है वह उसकी पत्नी है, जिससे वहां उपस्थित लोग स्तब्ध हो गये थे और जमकर बवाल हुआ।
इस पर पुलिस उक्त आरोपी युवक व उसके भाई को थाने लेकर चली गई। फेरे पूरे नहीं हो पाए, दुल्हन के पिता ने आरोपी युवक सहित चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। आपको बता दें की सरायअकिल थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के रहने वाले रामभवन ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी मंदरी गांव में नंदलाल से तय की थी। बीती रात नंदलाल बारात लेकर पहुंचा, बारातियों की अगवानी की गई। खुशियों के माहौल में जयमाल सहित अन्य रस्म अदा की गईं। और फिर अचानक खुशियों में खलल पड़ गया।
सुबह जब सात फेरों के समय दूल्हे नंदलाल की पहली पत्नी सात-आठ लोगों के साथ पहुंचकर हंगामा करने लगी, तो उसने बताया कि नंदलाल से उसका विवाह हो चुका है। मामला कोर्ट में अभी विचाराधीन है। नंदलाल चोरी से दूसरी शादी कर रहा है। हंगामे की जानकारी किसी ने यूपी-112 पुलिस को दे दी। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस नंदलाल के साथ उसके भाई कुंदन को भी लेकर थाने चली गई। इसके बाद थाने में पंचायत हुई, जहां दोनों पक्षों ने इस बात पर समझौता कर लिया कि आरोपी युवक कन्या पक्ष को विवाह में खर्च की गई पूरी रकम देगा। जहाँ वैवाहिक खर्च को लेकर सहमति जताई गई।
युवती सहित रोते बिलखते रहे परिजन :
सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisFilmProduction/
इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा क्षेत्र में होती रही। वहीं ऐन मौके पर शादी टूटने से दुल्हन काफी क्षुब्ध है। परिजनों ने बताया कि दुल्हन बनी युवती रोती रही, वहीँ परिजन भी इस घटना से रोने को मजबूर हो गये। लाख कहने के बावजूद युवती ने एक निवाला तक नहीं ग्रहण किया। घर के भीतर से परिवार की अन्य महिलाओं की सिसकियां भी बाहर सुनाई देती रहीं, परिवार के लोग लगातार रोने लगे। युवती के पिता सहित बाकी परिजनों की आंखों में भी आंसू नजर आये।
मामले को लेकर एसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक व्यक्ति की पूर्व में शादी हो चुकी है। वह यह तथ्य छिपाकर दूसरी शादी रचाने जा रहा था। उसकी पहली पत्नी की शिकायत पर शादी रोक दी गई है। क्योंकि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। हालांकि इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है, शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। दुल्हे पक्ष को अभी जाने दे दिया गया है।



