बारिश को लेकर बड़ी खबर, आने वाले चार दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम….।

रायपुर : छत्तीसगढ़ में अब मानसून की सक्रियता बढ़ते ही मौसम भी पूरी तरह से बदल गया है। रायपुर के साथ ही प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। बारिश को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि और बढ़ेगी, साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है और लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाए रहे। दोपहर में वर्षा हुई।

मानसून के रुकावट की स्थिति टलने के बाद राज्य में पिछले चौबीस घंटे से बारिश का दौर शुरू हो गया है। अगले तीन- चार दिनों तक अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। अंबिकापुर सहित कई शहरों में पिछले चौबीस घंटे में भारी बारिश हुई है, यहाँ सब अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार अपनी सामान्य स्थिति से ऊपर चला गया मानसून शुक्रवार को नीचे आया, जिसके बाद यहां बारिश प्रारंभ हुई। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि प्रारंभ होने से राहत मिलने की संभावना है। राजधानी में बारिश अस्थिर रहेगी, ज्यादा होने की सम्भावना काफी कम है।

कहां कितने बरसे बादल :

सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/

पिछले चौबीस घंटे में अंबिकापुर, कुसमी, कुनकुरी में 9 सेमी., कुटरु, छुरा, रामनुजनगर में 7 सेमी. बैकुंठपुर, सिमगा, बलौदाबाजार में 6 सेमी. तथा अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में दोपहर के वक्त घंटेभर तक गरज- चमक के साथ वर्षा हुई। मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिस्सार, दिल्ली, बाराबंकी, डेहरी, आसनसोल और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके अलावा एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण झारखंड और उसके आसपास मौजूद है। इससे दक्षिण और मध्य हिस्से में बारिश होने की संभावना है।