मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से बची जान, अजय राम के पिता ने भी मुख्यमंत्री का जताया आभार।

जशपुर : एक जरूरतमंद को समय रहते मदद मिल जाये तो उससे बेहतर क्या हो सकता है, ऐसे ही सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अजय राम (17) की जान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से बच गई। अजय की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसका एक हाथ काटकर अलग करना पड़ा, जो कि काफी मुश्किल कार्य था। रायपुर में उपचार के बाद स्वस्थ होकर वापस अपने घर पहुंचे अजय राम ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वस्थ होने पर ख़ुशी जताई।

अजय राम और उसके माता-पिता ने बताया कि, वे जशपुर जिले के कांसाबेल ब्लॉक के बंदरचुवां गांव के रहने वाले हैं। इसी साल मार्च में हुए सड़क हादसे में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थानांतरित किया था। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनके परिजनों ने उपचार के लिए मुख्यमंत्री साय से सहायता मांगी थी, जो कि उनकी पहल पर आवश्यक मदद मिल पाई। 

तीन महीने तक चला उपचार :
 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस गरीब परिवार की मदद के लिए अंबेडकर अस्पताल रायपुर में नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था की थी। लगभग तीन महीने के उपचार के बाद अजय स्वस्थ होकर अपने घर बंदरचुवां लौटा और स्कूल भी जाने लगा है। अब वह पूरे तरीके से स्वस्थ है।

लगवाया जाएगा कृत्रिम हाथ, दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनेगा :

सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :  https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/

मुख्यमंत्री साय की इस मदद के लिए उन्हें धन्यवाद देने के लिए अजय अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचा। उसने कहा कि, सीएम साय की पहल से मेरी जान बच सकी है। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए मेरा इलाज कराना बहुत मुश्किल था, जो कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई मदद से सफल हुआ। सीएम कैंप कार्यालय ने अजय राम के भविष्य की राह आसान करने के लिए कृत्रिम हाथ और दिव्यांग प्रमाण पत्र की व्यवस्था करने का भी भरोसा दिया है। बच्चे की जान बचाने और उसके भविष्य की चिंता करने के लिए अजय राम के पिता महेश राम ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।