रायपुर : राज्य में अब मानसून की सक्रियता काफी बढ़ गई है और लगातार बारिश भी हो रही है। मंगलवार को भी रायपुर सहित प्रदेश भर में लगातार बारिश होती रही। बारिश को लेकर 72 घंटों का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को सरगुजा संभाग में भारी बारिश के आसार बने हुए है। प्रदेश भर में हो रही लगातार बारिश में मंगलवार को 15 शहरों में भारी बारिश तथा तीन शहरों में अति भारी बारिश हुई है। इनमें बालोद जिले में सर्वाधिक 16 सेमी बारिश हुई है। इसके साथ ही कुकरेल 13 सेमी, डोंडीलोहारा 12 सेमी, गुरुर-लोरमी 10 सेमी, धमतरी 9 सेमी, तखतपुर-डोंडी 8 सेमी बारिश हुई। इन क्षेत्रों के अलावा भी प्रदेश भर में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। राजधानी में भी दिनभर बारिश होती रही।
मानसूनी तंत्र के प्रभाव से रायपुर में सुबह से ही बारिश लगातार जारी रही और शाम तक 53.6 मिमी बारिश हुई। बारिश के चलते शहर के मुख्य मार्गों के साथ ही गली मुहल्लों में भी जलभराव की स्थिति है। लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम में ठंडक आ गई है। राजधानी के गड्ढे भरे हुये है जो कि जानलेवा साबित हो रहे है। दिन के समय भी बारिश के साथ ठंडी हवाओं के चलने से हल्की ठंड बढ़ी है और उमस से लोगों को राहत मिल गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।
सावन में महत्वपूर्ण महामृत्युंजय मन्त्र, इसकी उत्पत्ति की कथा और महत्व के साथ , पूर्ण सुनना आवश्यक है: https://www.youtube.com/watch?v=L0RW9wbV1fA
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण झारखंड और उसके आसपास स्थित है। यह 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर बीकानेर, सीकर, ग्वालियर, खजुराहो, रांची, दीघा और उसके बाद पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने व बिजली गिरने तथा भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश का क्षेत्र मुख्य रूप से सरगुजा संभाग रहेगा। सरगुजा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीँ राजधानी के लिये यलो अलर्ट।



