कुत्ते को बचाने के चक्कर में स्कार्पियो का एक्सीडेंट, घटना में इंस्पेक्टर की मौत, देखें विडियो।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : गौरेला थाना क्षेत्र में आज एक बड़ा हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे में कोरबा जिले के पाली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत हो गई है, घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि कुत्ते को बचाने के चक्कर में ये एक्सीडेंट हुआ। कोरबा जिले के पाली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जो अपने दो सिपाही और दो वाहन चालकों के साथ एक केस के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के कानपुर गए थे। जहां से वापसी के दौरान उनकी स्कार्पियो गाड़ी सीजी 12 बीपी 2572 हादसे का शिकार हो गई। गाडी की रफ़्तार काफी ज्यादा थी, घटना की सूचना मिलते ही जीपीएम जिले के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इस हादसे में सब इंस्पेक्टर विलायत हुसैन की मौके पर मौत हो गई, जबकि आरक्षक शैलेंद्र तंवर को गंभीर चोट आई है, गंभीर रूप से घायल आरक्षक को पहले जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। इस हादसे के समय गाड़ी गोपी नागवंशी चला रहा था। गाड़ी वेंकटनगर रोड से गौरेला की ओर आगे बढ़ रही थी इसी दौरान मेंढूका गांव के पास अचानक गाड़ी के सामने कुत्ता आ गया। जिससे हड़बड़हट में ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी 4 बार पलटते हुए सड़क से 50 मीटर अंदर चली गई।

कोरबा के पाली थाने की टीम कानपुर गई थी. वहां से वापसी के दौरान मेंढूका गांव के पास कुत्ते को बचाने के चक्कर में गाड़ी पलट गई. इस हादसे में सब इंस्पेक्टर विलायत हुसैन की मौत हो गई. आरक्षक घायल है, उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। – ओम चंदेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीपीएम

घटना में मिली जानकारी के अनुसार पाली पुलिस की टीम 1 सब इंस्पेक्टर 2 आरक्षक और 2 चालकों के साथ किसी प्रकरण में आरोपी की पतासाजी के लिए पाली से 6 नवंबर को कानपुर गई हुई थी। वहां से वापसी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गौरेला पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक सब इंस्पेक्टर का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जायेगा।