नकली नोटों की छपाई करते पकड़ाये भुवन साहू और तुषार साहू, राजधानी के भाटागांव क्षेत्र में देते थे अंजाम।

रायपुर/बलौदाबाजार : राजधानी से 85 किलोमीटर दूर बलौदाबाजार जिले में जाली नोटों की खपत पिछले कुछ दिनों से चर्चा में थी। शनिवार को लवन पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए नकली नोट छापने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिले की पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भुवन और तुषार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली नोट, प्रिंटर मशीन और नोट छापने में प्रयोग होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की है। इस कार्यवाही में कुल 2,32,400 रुपये के नकली नोट जब्त किए गए। इस मामले के खुलासे से पुलिस भी हैरान है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने इस मामले में बताया कि 7 दिसंबर 2024 को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नकली नोट लेकर लवन बाजार में घूम रहे हैं। इस सूचना पर कार्यवाही करते हुए लवन थाना पुलिस ने जिला सहकारी बैंक के पीछे स्थित खंडहर में छापा मारा। मौके पर से भुवन साहू उर्फ भूपेश (25 वर्ष) और तुषार साहू उर्फ सोनू (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो 6,400 रुपये के नकली नोट बरामद हुए, जिनमें 500, 200 और 100 रुपये के नोट शामिल थे। पुलिस ने इनसे 2.32 लाख के नकली नोट बरामद किए हैं। नकली नोट छापने के लिए इन्होंने रायपुर के भाठागांव में बकायदा किराए का मकान लिया हुआ था। यहां नोट छापने के बाद वे इसे बलौदाबाजार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लाकर खपाते थे।

नकली नोट छापने की पूरी योजना का खुलासा :

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ नकली नोट छापने का काम करते थे। इसके लिए उन्होंने रंगीन प्रिंटर मशीन और प्रिंटिंग पेपर का इस्तेमाल किया। नकली नोट बनाने के बाद इन्हें स्थानीय बाजार में खपाने की योजना थी। आरोपियों की निशानदेही पर रायपुर के विनायक नगर स्थित उनके किराए के मकान में दबिश दी गई। वहां से 2,26,000 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। इस मामले में गिरोह का एक अन्य सदस्य भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। हालांकि, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. थाना लवन में अपराध क्रमांक 519/2024 धारा 178, 180, 181 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस के सामने दिया डेमो :

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने नकली नोट छापने का तरीका डेमो के रूप में दिखाया। उन्होंने बताया कि वे 500 के नोट की फोटोकॉपी प्रिंटर से निकालते थे और उस पर प्लास्टिक टेप चिपकाकर असली जैसा दिखाने का प्रयास करते। इन नकली नोटों को बाजार में चलाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने इस कार्यवाही में नकली नोटों के अलावा कई अन्य सामग्रियां भी बरामद की हैं। इस कार्यवाही में कुल 2,32,400 रुपये के नकली नोट के साथ ही प्रिंटर मशीन भी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। उनके फरार साथी की तलाश जारी है, और गिरोह के अन्य कनेक्शनों की जांच की जा रही है।