साढ़े चार टन नकली पनीर जब्त, छापेमारी के दौरान घूस लेते अफसर भी धराया।

रायपुर : राजधानी में बड़ी मात्रा में नकली पनीर, मावा बिक रहे है, लगातार छापेमारी में टनों की मात्रा पकड़ा रही है, राजधानी की आबादी लगभग 25 लाख है वहीँ यह नकली माल पड़ोसी राज्य ओड़िशा को भी भेजा जाता है। साथ ही छत्तीसगढ़ में महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश निर्मित पनीर भी खपाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सुबह- सवेरे बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन में छापेमारी कर लगभग 4600 किलो पनीर जब्त किया है। अंदेशा है कि पनीर नकली है और इसे बिना दूध के तैयार किया गया है। छापेमारी के बाद जांच टीम पनीर उठाने आने वाले मालिकों का इंतजार करती रही, मगर वे नहीं पहुंचे। दोनों स्थानों में मिले पनीर को जब्त कर लिया गया है और उनकी जांच की जा रही है।

इधर, रेल्वे स्टेशन पर छापेमारी के दौरान एक अफसर सौदेबाजी करते हुये कैमरे में कैद हो गया। खाद्य विभाग इसकी जांच कर रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों और नकली पनीर का धंधा करने वालों की जांच कर रही है। बिरगांव और निमोरा में नए साल के पहले कार्यवाही कर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नकली पनीर के मामले का बड़ा खुलासा किया था। दोनों जगह मिलाकर लगभग साढ़े 6 टन पनीर बरामद किया गया था।

सोमवार को जांच टीम ने बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन पर पनीर की बड़ी खेप पकड़ी। सुबह 8 बजे के करीब एक टीम ने भाठागांव बस स्टैण्ड के पार्सल यार्ड में दबिश दी है। वहां पुणे से बस के माध्यम से भेजा गया करीब 53 पेटी पनीर बरामद किया गया। पनीर से संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद मालिक के आने का इंतजार किया जाता रहा, मगर कोई इसे लेने नहीं पहुंचा। दूसरी टीम रेलवे स्टेशन के पार्सल गोदाम पहुंची, जहां ट्रेन के जरिए भोपाल से आया 40 पेटी पनीर जब्त किया गया। पनीर के इस खेप के मालिक के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। दोनों स्थानों पर जब्त पनीर 4600 किलो है, जिसे सीज किया गया है। उनके मालिकों के आने के बाद सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जायेगा। अंदेशा इस बात का है कि इस पनीर में भी दूध का इस्तेमाल नहीं किया गया है। यह नकली पनीर माना जा रहा है।

तीस हजार के लालच में फंसा अफसर :

राम से बड़ा है राम का नाम , रोज सुने यह धुन , लिंक पर करें क्लिक :   https://www.youtube.com/watch?v=TIkGGHYTb_Y

नकली पनीर के अंदेशे पर रेलवे स्टेशन में छापेमारी करने वाला एक अफसर 30 हजार रुपए के लालच में फंस गया। दरअसल पनीर जब्ती के बाद पार्सल गोदाम के बाहर पड़ी पानी बोतल की पेटी पर एफएसओ अहसान तिग्गा की नजर पड़ी। आरोप है कि बड़ी कार्यवाही से बचाने के लिए उसने 50 हजार की डिमांड की और मामला 30 हजार में सेट हुआ। अफसर सौदेबाजी करते हुए कैमरे में कैद हो गया। मामले की जानकारी होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक चंदन कुमार के मामले की जांच के निर्देश दिए और दोषी पाए जाने पर अफसर के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इस तरह अफसर हत्थे चढ़ गया।

पनीर की भारी मात्रा में खपत :

राज्य में पनीर की खपत भारी मात्रा में होती है। त्यौहार के साथ विशेष आयोजनों के दौरान खानपान में पनीर शामिल रहता है। शादी-ब्याह का सीजन शुरू हो चुका है, जहां पनीर की खपत बड़ी मात्रा में होगी। आशंका है कि बड़ा फायदा को देखते हुए होटल और केटरिंग से जुड़े कारोबारियों द्वारा दूसरे राज्यों से पनीर मंगाया जा रहा है। होटलों में भी भारी मात्रा में खपत होती है।