सूरजपुर/बिश्रामपुर: बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में धुत एक युवक ने ट्रक चलाकर जमकर उत्पात मचाया। ट्रक को बेतरतीब तरीके से आगे-पीछे दौड़ाते हुए आरोपी ने सड़क किनारे स्थित कई दुकानों और वाहनों को बुरी तरह रौंद दिया। देर रात सड़क पर आवाजाही न होने के चलते एक बड़ा हादसा और भारी जनहानि होने से बाल-बाल बच गई।
मछली दुकान के कर्मचारी ने मचाया उत्पात :
उत्पात मचाने वाले युवक की पहचान शैलेश गिरी के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय मछली दुकान में काम करता है। जानकारी के अनुसार, शैलेश अक्सर रात में उसी ट्रक में सोता था। देर रात अत्यधिक शराब के नशे में उसने ट्रक स्टार्ट कर दिया और सड़क पर ही उसे अनियंत्रित ढंग से इधर-उधर चलाने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुकानों के शेड और चबूतरे टूटे, गाड़ियां चकनाचूर :
ट्रक की लगातार टक्करों से आसपास की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है :
- दुकानें: लगभग 4 दुकानों के पक्के चबूतरे और बाहर लगे शेड पूरी तरह टूट गए।
- चारपहिया वाहन: ग्रैंड विटारा, स्विफ्ट डिजायर, मारुति ओमनी और एक छोटा हाथी (लोडिंग वाहन) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए।
- दोपहिया वाहन: सड़क किनारे खड़ी 2 मोटरसाइकिलें भी ट्रक की चपेट में आकर चकनाचूर हो गईं।
हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि यह घटना दिन में हुई होती, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। बिश्रामपुर थाना पुलिस मामले को संज्ञान में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



