नदी में जिसे समझ रहे थे ‘शव’, रेस्क्यू के दौरान वह निकला नशे में धुत्त सो रहा ट्रक चालक; उड़े लोगों के होश।

अंतागढ़ : नगर के बड़े पुल के पास गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदी के पानी में एक युवक को घंटों अचेत पड़ा देखकर लोगों ने उसे मृत मान लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब शव को बाहर निकालने की तैयारी कर रही थी, तभी युवक के शरीर में हलचल हुई और सच्चाई सामने आते ही सब दंग रह गए। युवक डूबा नहीं था, बल्कि अत्यधिक शराब के नशे में नदी के भीतर ही गहरी नींद में सो गया था।

काम बंद होने पर पी शराब, फिर नहाने उतरा नदी में :

मिली जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान ग्राम सुरवाही निवासी 27 वर्षीय रामसाय यादव के रूप में हुई है। वह अंतागढ़ में एक स्थानीय व्यापारी के पास ट्रक चालक का काम करता है। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर काम बंद होने के कारण उसने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया और फिर नहाने के लिए नदी में उतर गया।

चेहरा पानी के बाहर, शरीर डूबा रहा :

शराब का नशा ज्यादा होने के कारण रामसाय पानी में ही बेसुध होकर लेट गया। संयोगवश जिस जगह वह पड़ा था, वहां पानी का स्तर ऐसा था कि उसका चेहरा सतह से बाहर रहा और सांस चलती रही, जबकि बाकी शरीर पानी में डूबा रहा। करीब एक घंटे तक युवक बिल्कुल अचेत पड़ा रहा, जिसके चलते दूर से देखने वालों को लगा कि किसी व्यक्ति की डूबने से मौत हो चुकी है।

रेस्क्यू के ऐन वक्त पर खुली आंख, पुलिस ने दी समझाईश :

सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी जब युवक को पानी से निकालने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उसके शरीर में हरकत हुई। पुलिस ने तुरंत उसे खींचकर बाहर निकाला और जांच की, तब जाकर साफ हुआ कि युवक सुरक्षित है और केवल नशे में धुत है। युवक के जीवित मिलने पर मौके पर मौजूद भीड़ ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां नशा उतरने के बाद जरूरी समझाइश देकर छोड़ दिया गया। यह अजीबोगरीब वाकया पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।