आगरा (उ.प्र.) : आजकल शादी – ब्याह के नाम पर धोखाधड़ी का दौर शुरू हो गया है. ऐसे कई मामले लगातार सामने आ रहे है, ऐसे ही आगरा के एत्माद्दाैला क्षेत्र में एक युवक का बुधवार को मंदिर में रिश्ता तय हुआ। दोपहर में दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। शाम को परिवार वालों को विदा करने के बहाने दुल्हन फरार हो गई। दूल्हे के घरवालों ने पीछा करके शादी कराने वाले युवक और दुल्हन के जीजा को पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस मामले की जांच में लगी है। इस मामले में सामने आया है कि सीता नगर निवासी सनी का डेकोरेशन का काम है। उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले मोहल्ले के युवक ने उसकी शादी के लिए फिरोजाबाद के एक युवक से बात की थी। उसने बताया कि कानपुर की युवती से रिश्ता करा देगा। उसने बताया कि परिवार गरीब है। उसके लिए 35 हजार रुपये खर्च करने होंगे। इस पर वह तैयार हो गए, जिसके बाद रिश्ता तय हुआ।
युवती को देखने के लिए बुधवार का दिन तय किया गया था। सनी के परिवार वाले रामबाग स्थित एक मंदिर में आ गए। युवती के साथ बिचाैलिये सहित उसकी बहन और जीजा आए थे। पसंद आने पर उन्होंने युवती को सोने की अंगूठी पहना दी। इसके बाद पंडित को बुलाकर सात फेरे भी ले लिए। शाम को परिवार के लोग घर आ गए। तभी दुल्हन की बहन ने घर जाने के लिए एक ऑटो बुलाया। दुल्हन भी बहन को विदा करने के लिए ऑटो में बैठ गई। इस पर सनी को शक हो गया। वह परिवार के लोगों के साथ ऑटो के पीछे लग गया और रास्ते में ही रोक लिया। इस दाैरान बिचाैलिये और दुल्हन के जीजा को पकड़ लिया। दुल्हन और उसकी बहन भाग गए। इसके बाद बड़ा बवाल हुआ।
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
सनी ने आरोप लगाया कि बिचाैलिया शादी कराने के लिए 35 हजार रुपये ले चुका था। वहीं दुल्हन को भी सोने की दो अंगूठी और मंगलसूत्र पहनाए गये थे, साथ ही शादी करवाने के नाम पर एक लाख से ज्यादा की रकम का खर्चा होने की बात भी सामने आई। वही इस घटना के बाद पीड़ित ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।



