PDS राशन में ₹31.75 लाख से अधिक के गबन का फरार आरोपी शाहनवाज गिरफ्तार, अन्य 3 की खोजबीन जारी।

रायगढ़ : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत गरीबों के राशन में हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान (49 वर्ष) को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान कुल 31 लाख 75 हजार रुपये से अधिक के चावल, शक्कर और नमक की भारी कमी उजागर हुई थी। न्यायालय में पेश किये जाने के बाद आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है।

गांव में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा :

गनपतपुर उचित मूल्य दुकान के संचालन में गड़बड़ी सामने आने के बाद विक्रेता शाहनवाज खान (निवासी पीपरमार) फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहा था। इसके बाद चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके गांव में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

दो दुकानों में उजागर हुआ करोड़ों का घोटाला :

  • गनपतपुर दुकान (आईडी: 412009080): जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित इस दुकान की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। इस गबन की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये आंकी गई है। खाद्य विभाग के प्रतिवेदन पर समूह अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 289/2026 दर्ज किया गया।
  • ससकोबा दुकान (आईडी: 412009078): 3 सितंबर को खाद्य विभाग की जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक (मूल्य करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये) की कमी मिली थी। जांच में खुलासा हुआ कि माह अगस्त में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवा लिए गए, लेकिन उन्हें राशन नहीं बांटा गया। सरोज स्व सहायता समूह के खिलाफ अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज कर अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को 12 सितंबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

तीन आरोपी अब भी फरार :

इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल ससकोबा दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान व सचिव शाहिन खान अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।