बीजापुर : नक्सलवाद का खात्मा अपने चरम पर है, छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ एक बड़े अभियान में सुरक्षाबलों ने रविवार को भीषण मुठभेड़ के दौरान 11 महिलाओं समेत 31 नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में दो सुरक्षार्किमयों की भी जान चली गई तथा दो अन्य घायल हो गए। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 650 से अधिक सुरक्षार्किमयों ने विभिन्न दिशाओं से इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में प्रवेश किया और 31 नक्सलियों को उनके ठिकाने पर ही ढेर कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश और प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा निश्चित है। इस मामले में जानकारी सामने आई है कि बीजापुर जिले में महाराष्ट्र सीमा से लगे नेशनल पार्क इलाके में डीआरजी, एसटीएफ व बस्तर फाइटर के जवानों की संयुक्त टीम के साथ नक्सलियों की बड़ी मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में जवानों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राज्य को मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्ति मिल जाएगी। इस घटना के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 81 नक्सलियों को मार गिराया है। साथ ही बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि मुठभेड़ आज सुबह करीब आठ बजे इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में हुई, जब विभिन्न सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल नक्सल रोधी अभियान पर निकला था. उन्होंने कहा कि शाम करीब चार बजे तक मुठभेड़ चली। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और बस्तर फाइटर्स (राज्य पुलिस की सभी इकाइयां) के जवान शामिल थे।
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, ”अब तक मुठभेड़ स्थल से 11 महिलाओं समेत 31 ‘वर्दीधारी’ नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, घटनास्थल से एके-47, इंसास, एसएलआर और 303 राइफलों और बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) सहित हथियारों का एक बड़ा जखीरा और विस्फोटक भी जब्त किया गया है।” पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ में राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड के हेड कांस्टेबल नरेश ध्रुव और विशेष कार्य बल के कांस्टेबल वसित रावटे की जान चली गई।



