रायपुर : साल दर साल गर्मी में बढ़ोत्तरी हो रही है, ऐसे में यह कहना सही नहीं है कि इस बार गर्मी कुछ ज्यादा होगी, हालाँकि बीते वर्षों की अपेक्षा गर्मी में बढ़ोत्तरी तय है। मौसम में बदलाव मकर संक्रांति और महाशिवरात्रि से होने लगता है और होली के बाद गर्मी का मौसम शुरू माना जाता है, वहीँ अब मार्च के पहले सप्ताह में ही सूरज के तेवर गर्म होने लगे हैं। मंगलवार को छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। रात में भी पारा 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 21.3 डिग्री रहा। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी दिन-रात के तापमान में सामान्य से ढाई से 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर ट्रोपोस्फेरिक लेयर में द्रोणिका के साथ सिनोप्टिक सिस्टम काम कर रहा है। हवा भी अभी अधिकतम 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। ऐसे में उत्तर छत्तीसगढ़ में 24 घंटे, तो मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में 48 घंटे तक तापमान में कोई खास बदलाव की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, 2 दिन बाद इन क्षेत्रों के 1 से 3 डिग्री तक पारा लुढ़क सकता है। रायपुर में मौसम के पूर्वानुमान की बात करें तो बुधवार को राजधानी में 36 डिग्री अधिकतम और 21 डिग्री न्यूनतम तापमान हो सकता है। ऐसे में आगे गर्मी में वृद्धि होगी और सप्ताह भर में ही भीषण गर्मी की उम्मीद है।
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/



