रायपुर : नशे के सामान की तस्करी सड़क मार्गों से ज्यादा हो रही है और पुलिस की मुस्तैदी से नशे के सौदागर भी लगातार गिरफ्त में आ रहे है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए दो अंतरराज्यीय नशीली सिरप तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं और वे प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि भाठागांव स्थित नया बस स्टैंड के पास कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर आने वाले हैं, जिसको लेकर पुलिस मुस्तैद थी।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इन आरोपियों के पास से 105 बोतलें प्रतिबंधित नशीली सिरप ’’कोडीन’’ और ’’वनरैक्स’’ बरामद की गईं है, जिनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने अपनी पहचान मोह. शमशाद और वसीम जफर के रूप में बताई, जो झारखंड के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल : https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/



