होली और जुम्मे की नमाज एक ही दिन, संभल में ढंक दी गई है 10 मस्जिदें, देशभर में पुलिस ने उठाये एहतियातन कदम।

संभल (उ.प्र.) : देश में इस समय रमजान का पाक महिना चल रहा है, वहीँ होली भी नजदीक ही है, ऐसे में संभल में भड़की हिंसा को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है, वहीँ आपको बता दें कि इस बार होली शुक्रवार को है और रमजान के जुम्मे की नमाज भी उसी दिन है। इसे लेकर यूपी के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संभल में होली पर मस्जिदों को ढंका जा रहा है। होली के जुलूस मार्ग पर पड़ने वाली सभी 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढंक दिया गया है। इसमें जामा मस्जिद भी शामिल है। मस्जिद को ढकने के समय संभल एएसपी खुद मौके पर मौजूद रहे। संभल में होली का जुलूस और जुमे की नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से हो जाये इसके लिए प्रशासन ने दोनों पक्षों से बात की  हैऔर ये तय हुआ कि होली का जुलूस जिस भी मस्जिद के सामने से गुजरेगा उस मस्जिद में नमाज जुलूस आने से आधे घंटे पहले ही पूरी कर ली जायेगी, जिससे विवद की स्थिति ना बन पाये।

वहीँ इस बैठक मे दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि जुलूस के समय मस्जिद में ज्यादा भीड़ मौजूद ना हो। साथ ही मस्जिद के सामने से जिस समय जुलूस गुजरे उस समय मस्जिद प्रशासन से जुड़े कुछ लोग वहां मौजूद रहें, जिससे कोई गड़बड़ी ना हो। सभी मस्जिद प्रशासन से कहा गया है कि ऐसे लोगों के नाम पहले से ही लिखित रूप से पुलिस को दे दें। संभल के खग्गु सराय इलाके के लधनियों वाला मस्जिद को ढंक दिया गया है। यह मस्जिद भी होली के जुलूस के मार्ग पर है। मस्जिद प्रशासन ने खुद  ही मस्जिद को ढंक दिया है। 2022 में इस मस्जिद पर रंग डाल दिया गया था, जिसके बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। तब से ही इस मस्जिद को होली के लिए ढंक दिया जाता है। 

नोएडा में पुलिस अलर्ट पर :

होली और जुम्मे की नमाज़ एक ही दिन होने की वजह से नोएडा पुलिस भी अलर्ट मोड पर है । शांति पूर्ण तरीके से होली भी हो और नमाज़ भी पढ़ी जाए, इसकी तैयारी की जा रही है। शांति समिति की बैठक में जुम्मे की नमाज़ का समय आगे बढ़ाया गया है तो वहीं होली को भी थोड़ा पहले खत्म करने की अपील की गई है, जिससे विवाद से बचा जा सके। वहीं नोएडा में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। बुधवार को नोएडा पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस फ्लैग मार्च में डॉग स्क्वायड की टीम को भी शामिल किया गया था। वहीं लोगों से त्यौहार को शान्ति से मनाने की अपील की गई है। साथ ही पुलिस भी चप्पे – चप्पे पर तैनात रहेगी।

उन्नाव में नमाज का समय एक घंटा आगे बढ़ा :

खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :  https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/

उन्नाव में होली और जुम्मे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने नमाज के समय में बदलाव किया है। जुमे की नमाज का समय एक घंटा आगे बढ़ाकर दोपहर 2 बजे कर दिया गया है। शहर काजी ने एक वीडियो संदेश जारी कर सभी मुस्लिम भाइयों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर त्यौहार मनाते हैं। मौलाना मिस्बाही ने मुस्लिम समाज से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है। उन्होंने युवाओं से संयम और शांति बनाए रखने की विशेष अपील की है। जिला प्रशासन ने होली के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ऐसे ही देशभर जगह – जगह पुलिस सतर्कता बरत रही है।