भारत के इस राज्य में मिला सोने का बड़ा भंडार, जानें कौन से जिलों में मिला है स्वर्ण भंडार?

भुबनेश्वर (ओड़िशा) : किसी भी राज्य अथवा राष्ट्र की उन्नति में वहां प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है, ऐसे ही अब ओड़िशा जल्द ही भारत के सोने के खनन उद्योग में एक बड़ा नाम बन सकता है। राज्य के कई जिलों में सोने के भंडार पाए गए हैं, जिससे यह क्षेत्र तेजी से खनन के लिए तैयार हो रहा है। ओड़िशा के खनन मंत्री विभूति भूषण जेना ने विधानसभा में इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोने की खोज से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह राष्ट्र के लिये भी एक उन्नतिशील खबर है। दुनियां में भारत सोने का भारी मात्रा में आयात करता है।

इन जिलों में मिले सोने के भंडार :

सुंदरगढ़, नबरंगपुर, अंगुल और कोरापुट जिलों में सोने के बड़े भंडार पाए गए हैं। इसके अलावा, मलकानगिरी, संबलपुर और बौध जिलों में भी सोने की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। इन खोजों से ओड़िशा को भारत के सबसे समृद्ध खनिज क्षेत्रों में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। मयूरभंज जिले में भी सोने के कई स्थानों की पहचान की गई है, जिनमें जशिपुर, सूरियागुडा, रुआंसी, इडेलकुचा, मारेदिही, सुलेपत और बादामपहाड़ शामिल हैं। इससे पहले, देवगढ़ जिले के अदासा-रामपल्ली क्षेत्र में तांबे की खोज के दौरान सोने का पता चला था। क्योंझर जिले के गोपुर-गाज़ीपुर, मंकडचुआं, सालेकाना और दिमिरीमुंडा क्षेत्रों में भी सोने की खोज जारी है। इन क्षेत्रों में भी सोने का बड़ा स्वर्ण भंडार मिलने की उम्मीद है।

गोल्ड माइनिंग के लिए पहली बार होने जा रही नीलामी :

ओड़िशा सरकार ने देवगढ़ जिले में अपने पहले सोने के खनन ब्लॉक की नीलामी की योजना बनाई है, जिससे राज्य के खनन क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) और ओड़िशा खनन निगम इन नए स्थानों की जांच कर रहे हैं ताकि यह तय किया जा सके कि सोना निकालना कितना संभव है। वहीँ तकनीकी समितियां व्यावसायिक खनन शुरू करने से पहले अंतिम रिपोर्टों की समीक्षा कर रही हैं, जिससे सोना निकालने के बाद किसी दिक्कत का सामना ना करना पड़े। वहीँ मयूरभंज के जशिपुर, सूरियागुडा और बादामपहाड़ में शुरुआती सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। देवगढ़ के जलाधिही क्षेत्र में भी तांबा-सोने की खोज जारी है और जल्द ही इसके नतीजे आने की उम्मीद है। क्योंझर के गोपुर-गाज़ीपुर क्षेत्र में मौजूद भंडार के आकलन के बाद नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी। 

लोगों को मिलेगा रोजगार :

खास ख़बरों के लिये सब्सक्राईब करें हमारा यूट्यूब चैनल :  https://www.youtube.com/@MachisMediaNews/

सोने की इन खोजों से ओड़िशा में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को नए रोजगार के मौके मिलेंगे। अगर नीलामी और खनन की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ी, तो ओडिशा जल्द ही भारत के सबसे प्रमुख सोना उत्पादक राज्यों में शामिल हो सकता है। वहीँ राज्य के साथ – साथ देश के लिये भी यह महत्वपूर्ण खबर है।