नई दिल्ली : ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम में काफी बदलाव हो चुके है, ऐसे में पहले जैसे मौसम स्थिर नहीं रहता है, वहीँ इस साल भयानक गर्मी की जहाँ उम्मीद थी तो वहीँ लगातार विभिन्न क्षेत्रों पर बादल भी छाये रहने के कारण मौसम में ठंडक भी बनी हुई है, वहीँ अब फिर से देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। अप्रैल माह की शुरुआत में ही कई राज्यों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की बात की जाए तो यहां के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान हल्की बारिश और तूफान की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश की संभावना :
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल गुरुवार को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, शिमला, सिरमौर, सोलन और कांगड़ा में 11 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही, गुरुवार को राज्य के मध्य-पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम वर्तमान में इन क्षेत्रों में अस्थिर है।
मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। भुंतर, धर्मशाला और सुंदरनगर में तेज गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 मार्च से 9 अप्रैल तक राज्य में बारिश में 43 प्रतिशत की कमी रही है, क्योंकि राज्य ने 75.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की है, जबकि सामान्य बारिश 133.5 मिमी होनी चाहिए थी।
दिल्ली में कैसा है मौसम का हाल?
देश की राजधानी दिल्ली की बात की जाए तो मंगलवार को इस मौसम की सबसे गर्म रात रही और बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। उत्तर भारत में गर्मी में वृद्धि होने की संभावना है।
राजस्थान में कब होगी बारिश?
वहीं, राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अभी दो तीन दिन जारी रहेगा, हालांकि उसके बाद आंधी व हल्की बारिश से इसमें कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, कोटा जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राज्य के शेष अधिकतर भागों में भी अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच है और यह तापमान सामान्य से 3-8 डिग्री ऊपर है।
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश :
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से बारिश की संभावना है। आईएमडी ने प्रदेश के पांच संभागों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इससे प्रदेश में कहीं भीषण गर्मी और कहीं बारिश का दौर जारी है। 11 अप्रैल तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। पिछले 3 दिनों में प्रदेश की अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक का वृद्धि हुइ है। वहीँ मध्यप्रदेश में मौसम गर्म बना रहेगा।