रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत प्रेस वार्ता करने पहुंची हुई थी। पूर्व सीएम भूपेश बघेल की मौजूदगी में मंगलवार को रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत ने कहा था कि टीवी चैनल में बैठने वाले एंकर जो बड़ी-बड़ी बाते करते हैं, उनकी सैलरी उन विज्ञापनों से आती है, जो उनकी आवाज को दबाने के लिये दिए जाते हैं।
वहीँ भाजपा ने उनके इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे शर्मसार करने वाला बयान करार दिया है।। उनके इस बयान की निंदा करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा है कि, पत्रकार दिन रात मेहनत करते हैं, संघर्ष करते हैं, खबरों के लिए जूझते हैं। आज भी 44 डिग्री में झुलसते हुए, आपकी प्रेस कॉन्फ्रेंस कवर करने आए थे। उनकी मेहनत की कमाई पर इस प्रकार का गंदा बयान सच में बहुत दुखी कर रहा है। पूरे पत्रकार समुदाय को आपका यूं नीचा दिखाना माफी के काबिल नहीं है। कांग्रेस का यह बयान पत्रकारों के लिए कांग्रेस की नफरत और घृणा का बड़ा प्रमाण है।
प्रेस वार्ता के दौरान कहा :
आगे कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “इस देश में आधा सच और पूरा झूठ बोलने का एक ट्रेंड चल गया है क्योंकि झूठ जोर से बोला जाता है तो सब उसे दिखाने के लिए मजबूर हो जाते हैं तो हमें लगा सत्य भी उतना ही हुंकार के साथ बोलना चाहिए और मैं यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए आई हूं आशा करती हूं कि हम सब आप लोगों से थोड़ी देर मिलेंगे क्योंकि कुछ बातें इस देश के सामने, आपके माध्यम से जनता के सामने आना जरूरी है। हम पूरे देश में ये प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं और आज मैं रायपुर में इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को आगे बढ़ाऊंगी।”
भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा :
हर क्षेत्र में अच्छे बुरे लोग होते है, ऐसे में सभी को एक ही लाइन में गिनना और सभी को गलत कहना शर्मनाक है, कांग्रेस नेता के बयानों को जो लोग आगे बढ़ायेंगे उन्हीं के मुंह पर उनको अनुचित कहना बहुत बड़ा शर्मनाक कृत्य है।



