रायपुर : देशभर में चर्चित चावल ब्रांड भव्यश्री अब्बा हुजूर को लेकर एक बड़ा ट्रेडमार्क विवाद सामने आया है। तेलंगाना के मिर्यालगुड़ा के चावल व्यवसायी संतोष रेड्डी गंथा ने रायपुर के चावल व्यापारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तेलंगाना में मामला दर्ज कराया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दो चावल व्यापारियों को तेलंगाना पुलिस ने रायपुर में छापा मारकर गिरफ्तार किया है। आरोप है कि, इन भाइयों ने तेलंगाना के चावल कारोबारी संतोष रेड्डी को धमकी दी और उनसे एक करोड़ रुपए की मांग की है। इस मामले पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 11 मार्च 2025 को दर्ज किया गया था, जिसमें बीएनएस की धाराएं 30(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच एसआईपी ए. सईदीरेड्डी द्वारा की जा रही है। तेलंगाना पुलिस के अनुसार, खेतपाल ने अपने बेटे और अन्य व्यापारियों के साथ मिलकर यह साजिश रची थी।
रच रहे व्यापार को समाप्त करने की साजिश :
इस मामले में शिकायकर्ता रेड्डी का दावा है कि वर्ष 2011 में उन्होंने इस ब्रांड की शुरुआत की थी और वे इसके मूल डिज़ाइनर हैं। लेकिन अब, रायपुर स्थित आराध्या एग्रो टेक के मालिक किशन खेतपाल, उनके सहयोगी नरेंद्र खेतपाल, और नागपुर के दिलीप दोशी (शारदा राइस मिल) पर आरोप है कि वे इस ब्रांड को हथियाने, बदनाम करने और उनके व्यापार को समाप्त करने की साजिश रच रहे हैं। इस मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि, इन दोनों कारोबारियों ने सोशल मीडिया पर अब्बा हुजूर ब्रांड को लेकर गलत जानकारी फैलाकर ब्रांड की साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
प्रतिष्ठित ब्रांड को बंद करने की दी गई है धमकी :
शिकायतकर्ता संतोष रेड्डी के अनुसार, फरवरी 2025 में आरोपियों ने उनसे हैदराबाद और मिर्यालगुड़ा में मुलाकात की थी और धमकी दी थी कि यदि उन्होंने अब्बा हुजूर ब्रांड का इस्तेमाल बंद नहीं किया, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद, व्हाट्सएप ग्रुप्स में झूठे और मानहानिपूर्ण संदेश प्रसारित किए गए थे, जिनमें दावा किया गया था कि अब्बा हुजूर अब आराध्या एग्रो टेक का रजिस्टर्ड ट्रेडमार्क है। इतना ही नहीं, रेड्डी से 1 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी गई, ताकि यह डिजिटल हमला रोका जा सके। जब उन्होंने रकम देने से इंकार किया, तो ब्रांड को पूरी तरह खत्म कर देने की धमकी दी गई।
एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच जारी :
इस मामले में 11 मार्च 2025 को शिकायत दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की धाराएं 30(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच एसआईपी ए. सईदीरेड्डी द्वारा की जा रही है। तेलंगाना पुलिस के अनुसार, खेतपाल ने अपने बेटे और अन्य व्यापारियों के साथ मिलकर यह साजिश रची। तेलंगाना पुलिस की एक टीम माना रायपुर पहुंच चुकी है। दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। वहीं आरोपियों ने चिकित्साके आधार पर अग्रिम जमानत ले ली है। हालांकि आरोपियों को 25 अप्रैल तक तेलंगाना कोर्ट में पेश करना है। जिसके बाद पूरे मामले की सच्चाई का पता लगाया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद इन दोनों भाइयों की तबीयत बिगड़ गई है। जिसके बाद दोनों को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या इस मामले में और लोग भी शामिल हैं कि, नहीं।
क्या कहना है पुलिस का इस मामले में :
भव्यश्री अब्बा हुजूर चावल के ट्रेडमार्क विवाद और फिरौती मांग की शिकायत के आधार पर तेलंगाना पुलिस की टीम रायपुर आई थी। संबंधित प्रकरण में आरोपियों को स्वास्थगत कारणों से अग्रिम जमानत मिली है। : लंबोदर पटेल, सीएसपी माना



