दुर्ग/भिलाई : दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देने का एक मामला सामने आया है, जो कि चौंकाने वाला है। आरोपी ने अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर तुरंत ही दूसरी महिला से शादी भी कर ली है। पीड़िता ने पद्मनाभपुर थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मारपीट और मुस्लिम विवाह विच्छेद अधिनियम 2019 (किसी भी मुस्लिम पति द्वारा अपनी पत्नी को मौखिक या लिखित रूप में या इलेक्ट्रॉनिक रूप में या किसी भी अन्य तरीके से तलाक देना अमान्य और अवैध होगा। कोई भी मुस्लिम पति जो अपनी पत्नी को तलाक देता है, उसे तीन वर्ष तक के कारावास की सजा दी जाएगी और साथ ही उसे जुर्माना भी देना होगा।) की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पति फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है। पीड़िता ने पद्मनाभपुर थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुलेट बाइक के लिए की मारपीट :
- पुलिस ने इस मामले में बताया ही कि पीड़िता रेशमा फातिमा की शिकायत पर उसके पति रजा फायर वर्क्स के पास कसारीडीह दुर्ग निवासी आरोपी मोहम्मद रईस खोखर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की 7 साल पहले मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद मां ने उसे और उसके चार अन्य भाई बहनों को पाल पोसकर बड़ा किया है।
- 16 नवंबर 2023 को पीड़िता की शादी मोहम्मद रईस खोखर से हुई थी। शादी के समय पीड़िता की मां ने आरोपी को सलामी के रूप में 1 लाख 7 हजार 786 रुपये दिए थे। शादी के कुछ दिन तक ही आरोपी पति और ससुराल वालों का व्यवहार ठीक रहा। उसके बाद पति के व्यवहार में बदलाव आ गया, उन्होंने दहेज़ मांगना शुरू कर दिया।
- वो बुलेट बाइक और रुपयों को लिए उससे मारपीट करने लगा। उसकी छोटी बहन मदीना फातेमा की शादी उसके देवर बशीर खोखर से हुई थी। दोनों एक ही परिवार में रहते थे। वो अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ आवाज उठाती, तो उसकी बहन के जीवन पर भी असर पड़ सकता था। पीड़िता दो साल तक सब कुछ सहन करती रही। लम्बे समय तक उसे प्रताड़ित होना पड़ा।
मारपीट कर दे दिया तीन तलाक :
- पीड़िता रेशमा फातिमा ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने रुपयों की मांग को लेकर उससे मारपीट की है। 18 दिसंबर 2024 को उसे तीन तलाक दे दिया था। तलाक देने के बाद उसने रूबीना नाम की लड़की से दूसरी शादी कर ली। आरोपी अपनी दूसरी बीवी के साथ भोपाल में जाकर रह रहा है।
- पीड़िता ने इन सभी में अपनी सास ताराबी और ससुर अकरम खोखर की भी संलिप्तता होने का दावा किया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
वहीँ इस मामले में पीड़िता ने बताया है कि मायके की आर्थिक हालत उतनी मजबूत नहीं है कि आये दिन दहेज़ दे सकें और छोटी बहन के जीवन पर भी असर पड़ सकता है, ऐसे में लम्बे समय तक कुछ नहीं सूझा जिसके कारण वह चुप रही है।



