मेरठ (उ.प्र.) : जितना सुर्ख़ियों में इस समय उत्तर प्रदेश बना हुआ है, उतना तो कोई और राज्य सुर्ख़ियों में नहीं है, उत्तर प्रदेश में इन दिनों एक से बढ़कर एक अजीबोगरीब मामले सामने आ रहे हैं। कभी दामाद सास को लेकर भागा, तो कभी नीला ड्रम, तो फिर सांप को पति पर फेंकने का मामला, इसी कड़ी में ताजा मामला मेरठ से सामने आया है, जो कि गजब का कारनामा है। यहां ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही भाभी और भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। युवक ने आरोप लगाया है कि उसके भाई और भाभी ने मिल कर धोखे से उसकी 25 साल बड़ी विधवा महिला से शादी करा दी है और विरोध करने पर बलात्कार के मुकद्द्मे में फंसाने की धमकी भी दी है, तो वहीं, इस मामले में बुधवार को युवक एसएसपी से मिलने और मदद की गुहार लगाने पहुंचा। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
पूरा मामला जो सामने आया :
दरअसल, यह मामला मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां के तारापुरी निवासी अजीम नामक युवक ने बुधवार को मेरठ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र सौंपा है, पीड़ित अजीम का कहना है कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है और वह अपने बड़े भाई नदीम व भाभी शायदा के साथ पैतृक घर में रहता है। प्रार्थना पत्र में अजीम ने आरोप लगाया है कि 31 मार्च 2025 को ईद के दिन उसकी भाभी शायदा ने उसे यह कहकर फाजलपुर बुलाया कि उसकी शादी अपनी बड़ी विधवा बहन ताहिरा की बेटी मंतशा से करवाई जाएगी। अजीम भरोसा कर वहां पहुंचा और उसको वहां लड़की दिखाई गई, जिसके बाद उसने शादी के लिए हां कर दी और उसी शाम निकाह तय हो गया।
अजीम के साथ मारपीट भी हुई :
फाजलपुर की बड़ी मस्जिद में जब मौलाना निकाह पढ़ाने लगे, तब अजीम को पता चला कि उसकी शादी मंतशा से नहीं बल्कि उसकी 25 साल बड़ी विधवा मां ताहिरा से करवाई जा रही है। जब अजीम ने विरोध किया तो आरोप है कि उसके भाई नदीम, भाभी शायदा और अन्य परिजनों ने उसके साथ जमकर मारपीट भी की और धमकी दी कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसा दिया जायेगा। अजीम इस घटना से काफी घबरा गया और कुछ समय बाद उसने मामले में पुलिस से शिकायत की।
मुझे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है : अजीम
युवक ने आरोप लगाया कि तब से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है, जबरदस्ती उम्रदराज महिला को गले बाँध दिया गया है। वहीँ अब अजीम का कहना है कि उसे इंसाफ चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने संबंधित थाना पुलिस को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।



