जबलपुर (म.प्र.) : जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र में नदी से नहाकर लौट रही एक महिला पर उसके भतीजे ने लाठी और पत्थर से हमला कर दिया है। इस घटना में महिला की मौत हो गई। मामले में बताया जा रहा है कि उसकी चाची के हाथ में खाली लोटा था। खाली लोटा देखना अच्छा नहीं माना जाता है, इसे अशुभ मानने की मान्यता है, ऐसे में भतीजे ने उसे लाठी से पीटकर मार ही डाला। जानकारी के ग्राम कुम्ही सतधारा निवासी तितरी बाई बरकड़े (57) शुक्रवार को नदी से स्नान कर घर लौट रही थी। रास्ते में उसे जेठ का बेटा मत्तु सिंह बरकड़े मिला। वह हाथ में लाठी लिए हुए था। इसे बाद चाची को देखते ही अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर उसके लाठी से चाची पर जमकर हमला कर दिया। हमले से निढाल होकर जब चाची गिर गई तो उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। इस हमले के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया।
वहीँ घटना के बाद ग्रामीणों ने महिला को देखकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी को उसकी चाची ने खाली लोटा दिखा दिया था। रास्ते में खाली लोटा दिखाने से अपशुकन मानकर आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने चाची की मारपीट कर जान ले लिया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इस तरह आरोपी मत्तु सिंह ने अंधविश्वास में अपनी चाची की जान ले ली।



