कवर्धा : कई बार छोटे विवाद बड़े काण्ड के जिम्मेदार बन जाते है , ऐसे ही कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के भद्राली मोड़ के पास देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो गुटों के बीच हुई बहस ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामला है गौरकापा स्थित देवस्थल के मेले से लौटते समय दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। ताबड़तोड़ हमले से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। इस विवाद काफी बड़ा रूप ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भद्राली गांव से एक बाइक में तीन युवक और भरेवापारा से दूसरी बाइक में दो युवक लौट रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद यह मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवकों ने वीरेंद्र यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को तुरंत इलाज के लिए बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक वीरेंद्र यादव भद्राली गांव का रहने वाला था।
इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस संबंध में एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि गौरकापा मेले से लौटते समय दोनों गुटों में विवाद हुआ था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है। जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पंडरिया पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं इस घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



