रायपुर : तेज रफ़्तार राजधानी में एक बहुत बड़ी परेशानी बन चुकी है, लोग वाहनों को बहुत तेजी से दौड़ाते है, खासकर कामर्शियल वाहन, ऐसे में राजधानी रायपुर में एक बार फिर से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेलीबांधा चौक पर बुधवार रात ड्यूटी में तैनात दो ट्रैफिक जवानों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस भयानक हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए है, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना उस वक्त हुई जब जवान ट्रैफिक नियंत्रण में जुटे थे और वाहन को रोकने का प्रयास कर रहे थे। ट्रैफिक हर समय ऐसे ही खतरों में सड़कों पर खड़े रहते है।
यह घटना 4 मई रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच की है, जब ट्रैफिक सिपाही केशव क्षत्रिय और रज्जब खां तेलीबांधा थाने के सामने ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान टाटीबंध की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार महाराष्ट्र पासिंग पिकअप ने ट्रैफिक सिग्नल तोड़ा और तेज रफ्तार में जवानों की ओर बढ़ गई। दोनों जवानों ने जब वाहन को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने जानबूझकर पिकअप को उनकी ओर मोड़ दिया और उन्हें रौंदते हुए महासमुंद रोड की ओर फरार हो गया, जिससे जवान घायल हो गये। वहीं हादसे के दौरान पिकअप ने अन्य कुछ वाहनों को भी टक्कर मारी है। घटना के बाद से ही आरोपी चालक फरार है, लेकिन उक्त वाहन का नंबर ट्रेस कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।



