आंबेडकर अस्पताल में सामने आया घिनौना कृत्य, सो रही महिला मरीज के ब्लाउज से पर्स-मोबाइल चोरी करने वाला गार्ड गिरफ्तार।

रायपुर : राजधानी के बड़े अम्बेडकर अस्पताल में शर्मनाक चोरी का कृत्य सामने आया है, यहाँ पुलिस ने राजधानी के बड़े आंबेडकर अस्पताल में चोरी करने वाले सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पीडि़त नेहा सेन ने मौदहापारा थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। नेहा श्याम नगर निंगियाडीह सरकड़ा बिलासपुर की रहने वाली है। वह अपनी मां के इलाज के लिए रायपुर आई है। उसने मां को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती करवाया है। जिसको लेकर उसने काफी रकम भी अपने पास रखी हुई थी।

वह 26 जून की रात आंबेडकर अस्पताल परिसर के कार्डियोलाजी आईसीयू रूम के बाहर बरामदे में पर्स एवं मोबाइल रखकर सोई हुई थीं। रात करीब 11.30 बजे नेहा को महसूस हुआ कि कोई मोबाईल और पर्स निकाल रहा है। उसने देखा कि एक सिक्योरिटी गार्ड मोबाईल व पर्स लेकर भाग रहा है। उसने अपने पति और पिता को बताया तब तक आरोपी भाग गया था।

वहीँ इस मामले में जानकारी सामने आई कि आरोपी 6 हजार और 7 हजार रुपए के दो मोबाईल एवं पर्स में रखे 13 हजार रुपए लेकर भाग गया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर मौदहापारा थाने की पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी से पूछताछ करने पर अपना नाम प्रदीप सेन्द्रे (41) बताया तथा चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी प्रदीप आदिवासी हॉस्टल के पास पेंशन बाडा रायपुर का निवासी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।