हाथरस का सैफी अलीगढ़ की मस्जिद में जुम्मे की नमाज के दौरान आकर करने लगा हंगामा, फिर सामने आया खौफनाक मामला।

अलीगढ़ (उ.प्र.) : इगलास कस्बा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मस्जिद में जुम्मे की नमाज अदा की जा रही थी, तभी दौरान मस्जिद के अंदर एक मुस्लिम युवक आ गया और जबरन हंगामा करने लगा, जिससे वहां का माहौल खराब हो गया। ये देखकर नमाजियों ने उसे मस्जिद से बाहर कर दिया। इस मामले में आरोप है कि उसके साथ मस्जिद के बाहर खूब मारपीट भी की गई थी। तभी मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को किसी तरह से बचाया और इलाज के लिए उसे सीएचसी में भर्ती करवाया। यहां उसे रेफर कर दिया गया और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में हैरानजनक बात ये है कि मृतक अलीगढ़ का नहीं बल्कि हाथरस का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीँ मस्जिद में आखिर क्या हुआ? इसकी जांच पुलिस कर रही है। सीसीटीवी कैमरों में भी मृतक मस्जिद के अंदर हंगामा करते हुए दिखाई दे रहा है। माजरा पुलिस समझने का प्रयास कर रही है।

हाथरस का सैफी अलीगढ़ के इगलास कैसे पहुंचा?

दरअसल हाथरस के मधुगढ़ी के रहने वाले महमूद कुरैशी का बेटा सैफी अलीगढ़ के इगलास स्थित सराय मस्जिद में घुस गया था जिस समय वह मस्जिद में गया, उस समय जुम्मे की नमाज अदा की जा रही थी। सभी लोग वहीँ बैठे हुये थे। इस मामले में बताया जा रहा है कि सैफी मस्जिद में नमाजियों के साथ अचानक गाली गलौच करने लगा। उसने अपने कपड़े भी उतार दिए थे। बताया जा रहा है कि उसने नमाजियों के साथ धक्का-मुक्की भी की और मारपीट भी की। ऐसे में कुछ नमाजी गुस्से में उसे मस्जिद के बाहर ले गए। फिर यहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई।

तभी मौके पर पुलिस पहुंच गई और सीएचसी में उसे भर्ती करवाया गया और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अब इस मामले में सैफी के परिजनों को भी नहीं पता कि वह हाथरस से अलीगढ़ के इगलास कैसे पहुंच गया? अचानक उसे ऐसा क्या हुआ कि वह मस्जिद के अंदर हंगामा करने लगा? फिलहाल पुलिस इन सवालों के जवाब खोजने की कोशिश कर रही है।

इस पूरे मामले को लेकर सीओ इगलास महेश कुमार ने बताया है, कि मृतक का नाम सैफी है। वह हाथरस का रहने वाला है। वह मस्जिद में हंगामा कर रहा था और चिल्ला रहा था। जिससे वहां असहजता की स्थिति पैदा हुई। मौके पर पुलिस पहुंची और उसे भर्ती करवाया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। जांच की जा रही है। इस मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जायेगी।