बिलासपुर : नशा और सट्टेबाजी का कारोबार अपने चरम पर है, आम लोग इसके काफी संख्या में शिकार हो रहे है। वहीँ अब ऑनलाइन गेमिंग लूडो किंग की आड़ में सट्टेबाजी करने वाले मध्यप्रदेश के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर 20 प्रतिशत कमीशन पर दांव लगवाते थे। इस मामले में पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस और दो रजिस्टर में लाखों की सट्टापट्टी जब्त की है। ये लोग लगातार इस तरीके से सट्टेबाजी को अंजाम देते आ रहे थे।
इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, सरकण्डा क्षेत्र के स्वर्णिम ऐरा कालोनी के एक मकान में वाट्सएप में ग्रुप बनाकर एप उपलब्ध कराकर ऑनलाइन लूडो में सट्टा खिलाने की सूचना मिली थी। जिसको लेकर पुलिस की टीम ने कॉलोनी के मकान नम्बर 152 में दबिश दी। यहाँ छापे के दौरान मौके से चार आरोपियों राहुल छाबड़ा, सुमित चांदवानी, ओमप्रकाश नागवानी और मोहित बर्मन को गिरफ्तार किया गया है। यहाँ कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मौके से 5 मोबाईल फोन, 1 लैपटॉप और लाखों रुपये के सट्टा पट्टी लिखे दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही इनके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही भी की गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टेबाजी :
पुलिस जांच में पता चला है कि शहडोल निवासी आरोपी राहुल छाबड़ा व उसके साथी ‘श्याम लूडो किंग’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर गेम की हार-जीत पर दांव लगवाते थे। आरोपियों ने किराए पर मकान भी लिया हुआ था, और एक महिला के नाम पर बैंक खाता खोलकर रखा हुआ था, जिससे सट्टे का लेनदेन किया जाता था। इन सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा सट्टे और नशे पर लगातार कार्यवाहियां की जा रही है।



