भिवानी (हरियाणा) : लव जिहाद के मामलों में अक्सर हिन्दू लड़कियों के साथ अत्याचार के मामले सामने आये है, जिसके कारण ऐसे मामलों में कई बार बवाल भी हुये है। अधिकतर हिन्दू लड़कियों की जिन्दगी लव जिहाद में फंसकर ख़राब हुई है, ऐसे में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हरियाणा में एक बार फिर मुस्लिम परिवार को अपनी धार्मिक पहचान की वजह से असामाजिक तत्वों के कहर का सामना करना पड़ा है। यहां के दो मुस्लिम परिवार के घरों में अज्ञात लोगों ने जमकर तोड़फोड़ कर दी और फिर घर को आग के हवाले कर दिया। यहाँ हमलावरों के तेवर देखकर स्थानीय लोग सहमे हुए नजर आए है।
इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, भिवानी जिले के ढाणी मांहू गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने एक मुस्लिम परिवार के दो घरों में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। इस घटना की सूचना मिलते ही आनन फानन में पुलिस पहुंच गई, लेकिन मौके पर पीड़ित परिवार का कोई सदस्य नजर नहीं आया। इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार हमलावरों की डर की वजह से भाग गया है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। हर तरफ दहशत का माहौल बना हुआ है।
घरों में तोड़फोड़ कर बाइक को लगाई आग :
गांव वालों के मुताबिक, रविवार (6 जुलाई) की रात करीब 15 से 20 लोग गांव में दाखिल हुए थे। उन्होंने अपने चेहरों को ढंक रखा था और हथौड़ों से लैस थे। हमला करने वाले घरों के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसे और वहां मौजूद सामान को बाहर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक बाइक में आग लगा दी और घर को भी आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना गया था।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों घरों का ज्यादातर सामान जल चुका था। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, तो घर के अंदर कोई भी शख्स नहीं मिला। वहीँ इस मामले में पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। गांव के लोग काफी डरे हुये हैं कि अगर उन्होंने कुछ बताया तो अज्ञात हमलावर उनके साथ कुछ गलत कर सकते हैं।
हिंदू लड़की से शादी के कारण हमले की आशंका :
गांव में चर्चा है कि जिस मुस्लिम परिवार पर हमला हुआ है, उसी घर का एक नौजवान हाल ही में राजस्थान से एक हिंदू लड़की से शादी की है। जिसे वह लेकर हाल ही में घर भी आया था। गांव वालों के मुताबिक, इसी बात को लेकर हिंदूवादी संगठन नाराज है और गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों घरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही इस मामले की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, पूरा पीड़ित परिवार लापता है, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है। पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटा हुआ है।



