चंदन मिश्रा हत्याकांड : एक और CCTV आया सामने, छठे शूटर का चेहरा दिखा साफ़, तौसीफ सहित अन्य गिरफ्त में।

पटना (बिहार) : पटना के चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह सहित चार संदिग्धों को कोलकाता से हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि हत्या की साजिश निशु खान के घर पर रची गई थी और वारदात को तौसीफ ने अंजाम दिया था। अब चंदन मिश्रा हत्याकांड मामले में एक और CCTV सामने आया है। पहली बार छठे शूटर का साफ चेहरा दिखाई दिया है। सीसीटीवी में ये शूटर काली टी शर्ट, काली जींस, सफेद जूते, कंधे पर बैग और हाथ में मास्क और हेलमेट के साथ अस्पताल के बगल में घूमता दिखाई दिया है।

इस छठे शूटर ने हत्या से पहले अस्पताल के बगल में ही बाइक लगाई और हाथ में हेलमेट लेकर आगे बढ़ा। यहां पास में ही काफी पहले से 4 शूटर इंतजार कर रहे थे। हेलमेट वाले शूटर ने सिर हिलाकर बांकी शूटरों से इशारों में बात की और मास्क लगाते हुए आगे बढ़ गया। अब इसका सीसीटीवी फूटेज सामने आया है।

यह करीब 3 मिनट बाद ये (छठा शूटर) हेलमेट और मास्क पहनकर तौसीफ के साथ वापस उसी जगह पर आया, जहां 4 शूटर पहले से इंतजार कर रहे थे। फिर यहां सभी 6 शूटर एक साथ प्लानिंग करते दिखे। CCTV से पता चला कि तौसीफ इसी जगह के आसपास एक घर में था, जहां से निकलकर वो छठे शूटर के साथ वापस आया था।

सामने आई ये टाइमलाइन –

  • 7.03 बजे- 4 शूटर एक साथ आए। 
  • 7.10 बजे- बाइक पहले ही लगाकर हाथ में हेलमेट लेकर आया। ब्लैक टी शर्ट पहने छठा शूटर, पहले से खड़े 4 शूटर से इशारों में बात। 
  • 7.13 बजे- तौसीफ के साथ ब्लैक टी शर्ट वाला हेलमेट पहनकर आया। 
  • 7.25 बजे- दो बाइक से सभी 6 भागते और जश्न मनाते दिखे।

इस मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी पर पटना पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है :

पटना पुलिस ने कहा है कि, “कोलकाता पुलिस एवं कोलकाता STF के सहयोग से मुख्य आरोपी तौशीफ उर्फ बादशाह को कोलकाता से हिरासत में लिया गया है। साथ ही, निशु खान सहित अन्य 2 को भी हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि निशु खान के आवास पर ही इस हत्या की साजिश रची गई थी और घटना को अंजाम मुख्य रूप से तौशीफ उर्फ बादशाह द्वारा दिया गया। घटना के संदर्भ में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ जारी है। सभी हिरासत में लिए गए अभियुक्तों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पटना लाने की कार्यवाही की जा रही है।”

17 जुलाई को पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पारस हॉस्पिटल में चंदन कुमार मिश्रा को गोली मार दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हत्या की साजिश निशु खान के आवास पर रची गई थी और वारदात को अंजाम मुख्य रूप से तौसीफ ने दिया था’। पुलिस अब अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।